छत्तीसगढ़

पेंड्रा में शिक्षक पर गिरी गाज : नाबालिग छात्रा को बंधक बनाने के बाद बर्खास्तगी, DEO ने तत्काल समाप्त की सेवा

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पेण्ड्रा से बड़ी खबर सामने आई है। नाबालिग छात्रा को बंधक बनाने के आरोप में घिरे संस्कृत विषय के संविदा शिक्षक अमित शर्मा को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर के अनुमोदन के बाद यह कार्रवाई की है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे और भी धाराएं जोड़ने की बात भी सामने आ रही है।

स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पेण्ड्रा में पदस्थ संस्कृत विषय के संविदा शिक्षक अमित शर्मा को विभाग ने तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि, आरोपी शिक्षक का आचरण शिक्षकीय गरिमा के विपरीत है और उसने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन किया है।

Teacher dismissed for raping minor student

आरोप है कि, शिक्षक ने एक नाबालिग छात्रा को स्कूल छोड़ने का झांसा देकर अपने विंदेश्वरी पुरम स्थित घर ले जाकर करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर रखा। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पेण्ड्रा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि, पीड़िता के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। जानकारी के मुताबिक, पिछले शैक्षणिक सत्र में भी आरोपी शिक्षक के व्यवहार को लेकर परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन से शिकायत की थी और उसे चेतावनी भी दी गई थी।

घटना के बाद शिक्षक संगठनों, पालकों और विद्यालय स्टाफ में भारी आक्रोश है। सभी ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, आरोपी शिक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और भी गंभीर धाराएं जुड़ सकती हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी है।

Related Articles

Leave a Reply