अंबिकापुर के निजी स्कूल में बवाल : छात्र से गालियां लिखाने वाली शिक्षिका सस्पेंड, संस्था ने मांगी माफी

अंबिकापुर। शहर के ओपन बिरला माइंड इंटरनेशनल स्कूल में एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। स्कूल की एक शिक्षिका पर आरोप है कि उन्होंने एक छात्र से उसकी मां के लिए अश्लील गालियां नोटबुक में 100 से अधिक बार लिखवाईं। इतना ही नहीं, छात्र को वही नोटबुक घर ले जाकर अपने परिजनों को दिखाने के लिए भी दे दी गई। मामला सामने आने के बाद अभिभावकों, छात्र संगठनों और आम लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
विवाद बढ़ने के बाद स्कूल प्रबंधन ने अपनी ओर से माफी मांगते हुए पूरे घटनाक्रम पर खेद जताया है। साथ ही संबंधित शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इस तरह का व्यवहार संस्थान की कार्यशैली और मूल्यों के बिल्कुल विपरीत है तथा मामले की आंतरिक जांच भी कराई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, छात्र जब नोटबुक लेकर घर पहुंचा तो परिजनों ने उसमें लिखी गई अश्लील गालियां देखकर हैरानी जताई। इसके बाद उन्होंने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की। मामला धीरे-धीरे सोशल मीडिया और शहर में चर्चा का विषय बन गया, जिसके बाद स्कूल प्रशासन को सफाई देनी पड़ी। इधर, इस घटना को लेकर छात्र संगठनों ने भी कड़ी नाराजगी जाहिर की है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
DEO ने दिए जांच के निर्देश
वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग इस बात की भी पड़ताल करेगा कि स्कूल में अनुशासन और शिक्षकों के व्यवहार से जुड़े नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।




