उफनती महानदी में फंसा परिवार : 5 घंटे की जद्दोजहद के बाद पुलिस ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

बलौदा बाजार। बलौदा बाजार जिले में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से उफान पर आई महानदी के बीच बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने साहस, सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए एक ही परिवार के चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर बड़ी जनहानि टाल दी। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में चला यह रेस्क्यू ऑपरेशन करीब पांच घंटे तक चला, जिसमें पुलिस, नगर सेना की गोताखोर टीम और ग्रामीणों ने मिलकर जान जोखिम में डालकर अभियान को सफल बनाया।
थाना लवन क्षेत्र के ग्राम तुरमा में महानदी और स्थानीय नाले का जलस्तर अचानक बढ़ने से नदी किनारे स्थित एक मकान चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गया। मकान में रह रहे एक ही परिवार के दो पुरुष और दो महिलाएं बाहर नहीं निकल सके। प्रशासन की ओर से पहले ही कोटवार के माध्यम से गांव खाली करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन परिवार समय रहते सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंच पाया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने तत्काल राहत एवं बचाव दल को मौके पर रवाना करने के निर्देश दिए। रास्ते पूरी तरह जलमग्न होने के कारण ग्रामीणों की मदद से जेसीबी और ट्रैक्टर की व्यवस्था की गई, जिनकी सहायता से रेस्क्यू टीम नाव और जीवनरक्षक उपकरणों के साथ शाम करीब छह बजे प्रभावित क्षेत्र तक पहुंची।
अमेरा नगर सेना की गोताखोर टीम, निरीक्षक लखेश केंवट, निरीक्षक धीरेंद्र दुबे, थाना लवन पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। रात का घना अंधेरा, तेज बहाव और लगातार बढ़ता जलस्तर अभियान में बड़ी चुनौती बना रहा। इसके बावजूद टॉर्च, मोबाइल फ्लैशलाइट और सर्चलाइट की रोशनी में रेस्क्यू जारी रखा गया।
करीब पांच घंटे तक चले इस साहसिक अभियान के बाद रात लगभग 11 बजे बाढ़ में फंसे चारों ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते पुलिस, नगर सेना और ग्रामीणों के समन्वित प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने कहा कि मानसून के दौरान नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोग प्रशासन की चेतावनी का पालन करें और जलभराव या बाढ़ की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।




