छत्तीसगढ़

कूलर से जीआई पाइप में फैला करंट, रायपुर के छत्तीसगढ़ नगर में करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत

रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर में शुक्रवार दोपहर कल्याणी यादव (54) और उनके 23 वर्षीय बेटे मधुसूदन यादव की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों मां-बेटे बेटी से मिलने के लिए यहां आए थे।

हादसा उस समय हुआ जब कल्याणी यादव बॉलकनी में सूख रहे कपड़े लाने गई थीं। उन्हें करंट से चिपका देख बेटा मधुसूदन बचाने पहुंचा और वह भी करंट की चपेट में आ गया।

पुलिस के अनुसार, कल्याणी यादव मूल रूप से धरसींवा क्षेत्र के कूंरा गांव की रहने वाली थीं। उनका परिवार गांव में कृषि कार्य करता है। उनकी बेटी छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। कल्याणी अपने बेटे मधुसूदन के साथ बेटी से मिलने आई थीं।

बताया गया कि मकान की बॉलकनी में कपड़े सुखाने के लिए विंडो कूलर और रेलिंग के बीच जीआई पाइप लगाया गया था। कपड़े इसी पाइप पर सुखाए गए थे। कूलर में करंट आने के कारण जीआई पाइप और बालकनी की रेलिंग में भी करंट फैल गया।

दोपहर उन कपड़ों को लेने जैसे ही कल्याणी पहुंचीं और पाइप को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गईं। मां को बचाने के लिए मधुसूदन दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

Related Articles

Leave a Reply