1987 में बस्तर आए थे नाना पाटेकर, शूटिंग से लेकर इंजीनियरिंग कॉलेज तक जुड़ी हैं खास यादें

जगदलपुर। दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से हिंदी सिनेमा जगत में शोक की लहर है। 8 अक्टूबर 2026 को गोवा स्थित अपने आवास पर कार्डियक अरेस्ट के बाद 75 वर्षीय अभिनेता का निधन हुआ। देशभर में उनके प्रशंसक और कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी बीच बस्तर के रंगकर्मियों के बीच भी नाना पाटेकर से जुड़ी पुरानी यादें ताजा हो गई हैं। रंगकर्मी जी.एस. मनमोहन ने सोशल मीडिया पर नाना पाटेकर के साथ की पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए उनके बस्तर प्रवास से जुड़े कई किस्से बताए।
जी.एस. मनमोहन के मुताबिक, नाना पाटेकर वर्ष 1987 में फिल्म ‘आज का महाभारत’ की शूटिंग के सिलसिले में बस्तर आए थे। इस दौरान फिल्म यूनिट में उनके साथ दीप्ति नवल, सुरेश ओबेरॉय, भारत भूषण और नीता पुरी समेत अन्य कलाकार भी मौजूद थे। बताया गया कि नाना पाटेकर जगदलपुर के शहीद पार्क रोड स्थित गोयल भवन में ठहरे थे और लगभग एक सप्ताह के प्रवास के दौरान स्थानीय रंगकर्मियों और कलाकारों से उनका संपर्क रहा।
बस्तर प्रवास की यादों को साझा करते हुए बताया गया कि नाना पाटेकर शूटिंग के लिए साथी कलाकारों के साथ खुली जीप खुद चलाकर लोकेशन पर जाते थे। उस दौर में बस्तर में फिल्म और डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग पर प्रशासनिक पाबंदियां थीं। इसी वजह से फिल्म की शूटिंग बस्तर के बजाय धनपुंजी के पास ओडिशा के चांदली और देवड़ा के जंगलों में की गई थी। वहीं फिल्म में बस्तर के स्थानीय रंगकर्मियों को भी अभिनय का अवसर मिला था। जानकारी के मुताबिक, आकाशवाणी के उद्घोषक एवं रंगकर्मी जी. श्याम, रंगकर्मी शहजाद रहीम और गौतम कुंडू ने फिल्म में छोटे किरदार निभाए थे।
नाना पाटेकर के बस्तर प्रवास की एक और खास याद जगदलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से जुड़ी बताई गई है। उस समय इंजीनियरिंग कॉलेज आज के एयरपोर्ट के सामने स्थित भवन में संचालित होता था। कॉलेज के वार्षिक स्नेह सम्मेलन में नाना पाटेकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कला, संस्कृति, फिल्म और बस्तर को लेकर अपने विचार साझा किए थे।
जी.एस. मनमोहन के अनुसार, बस्तर प्रवास के दौरान नाना पाटेकर ने स्थानीय कलाकारों और रंगकर्मियों से मुलाकात की। रंगमंच, फिल्म और विभिन्न कला विधाओं को लेकर उनके साथ खुलकर चर्चा भी हुई। नाना पाटेकर के निधन के बाद बस्तर के रंगकर्मी और उनके चाहने वाले इन मुलाकातों और यादों को सोशल मीडिया के जरिए साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।




