छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में जांजगीर में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, NEET पेपर लीक पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

जांजगीर-चांपा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़े जाने की घटना के विरोध की गूंज अब जांजगीर-चांपा जिले में भी सुनाई देने लगी है। युवा कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर के कचहरी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रैली निकाली।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। इसी क्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए उनका प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई आवश्यक है।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश की वर्तमान व्यवस्था को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार बताते हुए उनका भी प्रतीकात्मक पुतला दहन कर इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कचहरी चौक पर कुछ समय के लिए माहौल राजनीतिक नारों से गूंजता रहा।

इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।

Related Articles

Leave a Reply