छत्तीसगढ़

फर्जी खाता खुलवाकर विदेश से ट्रांजेक्शन, 4 साल से फरार बैंक कर्मचारी गिरफ्तार

रायपुर। निजी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से बैंक खाता खुलवाकर अवैध लेन-देन करने के मामले में रायपुर पुलिस ने 4 साल से फरार आरोपी बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान इंडसइंड बैंक के कर्मचारी मनीष राव कदम के रूप में हुई है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अजय कुमार यदु, निवासी ब्राम्हणपारा महितोष चौक, मौदहापारा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. अजय कुमार यदु मां सम्लेश्वरी ऑफसेट प्रिंटर्स के प्रोपराइटर हैं. वर्ष 2011 में उनके साले के परिचित और इंडसइंड बैंक, कृष्णा कॉम्पलेक्स में पदस्थ कर्मचारी मनीष राव कदम ने दुकान पर आकर बैंक खाता खोलने का झांसा दिया. आरोपी ने अधिक ब्याज और प्रमोशन का हवाला देकर फर्म के नाम से चालू खाता खोलने के लिए कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए और निजी दस्तावेजों की प्रतियां व फोटो भी ले ली.

See also  स्कूल वैन ने 2 साल की बच्ची को कुचला, हुई मौत, लापरवाही के कारण हादसा

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह कभी बैंक नहीं गया और न ही खाते से कोई लेन-देन किया, बावजूद इसके 13 दिसंबर 2019 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से समन मिलने पर उसे फर्जीवाड़े की जानकारी हुई. जांच में सामने आया कि आरोपी मनीष कदम, तत्कालीन बैंक प्रबंधक और अन्य सहयोगियों ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत फर्जी खाता खोलकर विदेशों से अवैध धन का लेन-देन किया.

इस मामले में थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 21/22 धारा 419 और 420 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था. इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश की.

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रायपुर जिले में मौजूद है. इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मनीष राव कदम को गिरफ्तार कर लिया.

See also  मां के साथ सो रही बच्ची लापता : दरवाजा भी था बंद, परिजन भी घर पर ही थे, फिर मासूम को कौन उठा ले गया?

गिरफ्तार आरोपी मनीष राव कदम, पिता घनश्याम राव कदम, उम्र 45 वर्ष, निवासी अविनाश कैपिटल होम्स फेस-02, ब्लॉक-सी, मकान नंबर 513, थाना विधानसभा, रायपुर का रहने वाला है. पुलिस आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.

Related Articles

Leave a Reply