
कोरबा। पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के पुत्र संदीप कंवर ने सड़क किनारे लगे सेवई की एक दुकान को टक्कर मारने के बाद दुकानदार के साथ मारपीट कर दी। जिसके बाद संदीप कंवर ने थाना में भी जमकर हंमागा किया है। पुलिस ने इस मामले में प्रार्थी की लिखित शिकायत पर संदीप कंवर के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरु कर दी है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड इतवारी बाजार के पास घटित हुई है।
बताया जाता है कि, संदीप कंवर स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 12 एबी 1868 को चला रहा था और बुधवारी की दोपहर लगभग 2 बजे उसकी कार से एक सेवई की दुकान से जा टकराई। घटना के बाद जब दुकान संचालक बुजुर्ग अजीम कुरैशी ने संदीप कंवर को समझाने की कोशिश की, तो मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। आरोप है कि नशे में धुत संदीप कंवर ने बुजुर्ग के साथ मारपीट शुरु कर दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप कंवर को कार सहित कोतवाली थाने ले जाया गया। अजीम कुरैशी की शिकायत पर पुलिस ने संदीप के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 324 (4), 281, 125 (ए) बीएनएस एवं 184, 185 एमव्ही एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
किया गया अपराध दर्ज
नगर कोतवाल मोतीलाल पटेल ने बताया कि, संदीप कंवर ने सेवई की एक दुकान को ठोकर मार दी है और सेवई दुकान के संचालक के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। सेवई दुकान के संचालक अजीम कुरैशी की रिपोर्ट पर संदीप कंवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरु कर दी है।



