
रायपुर। राजधानी में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। घटना 7 अप्रैल की बताई जा रही है, जब रायपुरा थाना क्षेत्र के महादेवघाट स्थित एक शादी हॉल में खुलेआम फायरिंग की गई थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपितों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली।
लाइसेंसी हथियार का दुरुपयोग: खतरे में पड़ी लोगों की जान
पुलिस के अनुसार शादी समारोह में हथियार लहराते हुए फायरिंग की गई, जिससे वहां मौजूद लोगों की जान खतरे में पड़ गई। मामले में लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग और लोगों के जीवन को संकट में डालने संबंधी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
डीडी नगर पुलिस की कार्रवाई: आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में भाजपा नेत्री के पति दीपक सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। कार्रवाई डीडी नगर थाना पुलिस द्वारा की गई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।




