पत्नी रूठी तो पति ने उठाया खौफनाक कदम : घर लौटकर दो बच्चों के साथ जहर खाकर दी जान

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नैला चौकी क्षेत्र के ग्राम बिरकोनी में बुधवार सुबह एक घर के भीतर पिता और उसके दो मासूम बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रमेश कुमार पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, करीब एक सप्ताह पहले किसी पारिवारिक विवाद के चलते रमेश की पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। मंगलवार को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए ससुराल पहुंचा था, लेकिन पत्नी ने उसके साथ लौटने से इनकार कर दिया। इससे आहत रमेश अकेले ही अपने घर वापस आ गया।
बुधवार सुबह रमेश के पिता को सूचना मिली कि, रमेश और उसके दोनों मासूम बच्चे घर के भीतर मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) योगिताबाली खापर्डे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। वहीं फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि, पिता ने पहले दोनों बच्चों को जहर दिया और बाद में स्वयं कीटनाशक का सेवन कर आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।




