छत्तीसगढ़

भिलाई में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, पांचवा अस्पताल में

भिलाई। भिलाई-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक आठ वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। चारों मृतक एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अमृत निर्मलकर (28) अपनी स्कूटी पर सवार होकर अपने परिवार के साथ रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रही थीं। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े आक्सीजन सिलिंडर से लदे ट्रैक्टर के पीछे स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अमृत निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), यासना (7) और डाली (4) ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में भावेश (8) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए तत्काल एम्स रायपुर भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही भिलाई-3 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है। ट्रैक्टर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और दुर्घटना के सही कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply