भिलाई शिव महापुराण, एक्टिव हुए चोर, 11 हजार महिलाओं की कलश यात्रा में चेन स्नैचिंग

भिलाई दुर्ग: भिलाई में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के शिव महापुराण कथा के आयोजन से पहले ही चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी है. रविवार को निकाली गई भव्य कलश यात्रा के दौरान महिलाओं के गले से चेन झपटने की करीब चार से पांच घटनाओं की जानकारी सामने आई हैच घटना के बाद कलश यात्रा में शामिल महिलाओं में काफी आक्रोश देखने को मिला. महिलाओं ने इसकी सूचना कोतवाली थाने में दी है.
भिलाई के सेक्टर-6 स्थित जयंती स्टेडियम में आज नागपंचमी से 23 अगस्त तक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का आयोजन किया गया है. कथा से पहले रविवार को सेक्टर-5 मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई. रिमझिम बारिश के बीच निकली इस यात्रा में 11 हजार से ज्यादा महिलाएं शामिल हुईं. यात्रा सेक्टर-5 मंदिर से शुरू होकर जयंती स्टेडियम स्थित कथा पंडाल में समाप्त हुई. इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने महिलाओं को निशाना बनाया. करीब चार से पांच महिलाओं के साथ चेन स्नैचिंग की घटना हुई. घटना के बाद महिलाओं में नाराजगी देखने को मिली.
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि कथा के दौरान सुरक्षा के लिए 20 राजपत्रित अधिकारियों समेत 700 से ज्यादा जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, कलश यात्रा के दौरान चेन स्नैचिंग की शिकायत मिली है. पुलिस सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है. दो से तीन संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.




