छत्तीसगढ़

रायपुर के आजाद चौक में पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी से चोरी, सोशल मीडिया पर युवकों का वीडियो वायरल

रायपुर। आजाद चौक इलाके में पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी से मोबाइल और नकदी चोरी होने का दावा करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक पुलिस वाहन के आसपास नजर आ रहे हैं, जिसके बाद चोरी की चर्चा तेज हो गई।

आजाद चौक थाना प्रभारी ने वाहन से किसी भी सामान की चोरी होने की बात से इनकार किया है। थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर के मुताबिक वाहन में नकदी थी ही नहीं और कोई सामान भी चोरी नहीं हुआ है।

थाना प्रभारी ने बताया कि 10 सितंबर की रात करीब 11 बजे इलाके में यातायात का दबाव अधिक था। जाम हटाने के लिए पेट्रोलिंग टीम वाहन को सड़क पर खड़ा कर बाहर गई थी। इसी दौरान कुछ युवक वाहन के पास पहुंचे और उसमें रखी डायरी बाहर निकाली। बाद में युवकों ने डायरी को वापस वाहन में रख दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो में घटना का केवल एक हिस्सा दिखाया जा रहा है। पूरा घटनाक्रम वीडियो में नहीं है, जिससे चोरी की बात सामने आ रही है। फिलहाल वीडियो में दिख रहे युवकों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply