छत्तीसगढ़

रायपुर में हर घंटे 7 लोग हो रहे लापता, 24 घंटे में 78 महिलाओं समेत 159 की गुमशुदगी, पुलिस महकमें में हड़कंप

रायपुर। राजधानी रायपुर में गुमशुदगी के मामले अब सिर्फ तलाश तक सीमित नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद पुलिस परिस्थितियों के आधार पर यह भी जांच कर रही है कि कहीं लापता व्यक्ति को बंधक बनाकर तो नहीं रखा गया या गलत तरीके से छिपाया गया है। इसी के बाद शनिवार से रविवार के बीच 24 घंटे में रायपुर कमिश्नरेट और ग्रामीण थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की 159 FIR दर्ज की गई हैं।

दर्ज मामलों में सबसे अधिक संख्या महिलाओं की है। कुल 78 महिलाएं लापता हैं, जिनमें गृहणियां, नवविवाहिता और कामकाजी महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा 54 वयस्क पुरुष, 17 बच्चे व नाबालिग और 10 बुजुर्ग लापता हैं। नाबालिगों में स्कूल, ट्यूशन या घर से गायब हुए बच्चे हैं, जबकि कुछ बुजुर्ग स्वास्थ्य संबंधी परेशानी या मानसिक कमजोरी से जूझ रहे थे। आंकड़ा कई सवाल खड़े करता है कि महिलाएं इतनी बड़ी संख्या में क्यों लापता हो रही हैं? क्या यह सामान्य गुमशुदगी है या इसके पीछे कोई अनहोनी है?

See also  दिल्ली शराब घोटाला: 'AAP' सांसद संजय सिंह को बड़ी राहत, SC से छह महीने बाद मिली जमानत

रायपुर कमिश्नरेट में सबसे ज्यादा मुजगहन में 16, उरला में 18, गुढ़ियारी में 13, खमतराई में 11, टिकरापारा में 9, डीडी नगर, पंडरी में 7-7, आमानाका, गंज, राजेंद्र नगर, खम्हारडीह में 5-5, तेलीबांधा में 4, सरस्वती नगर, पुरानी बस्ती में 3-3, सिविल लाइन, मौदहापारा में 2-2 और आजाद चौक, गोलबाजार, कोतवाली, कबीर नगर में 1-1 मामला दर्ज हुआ है।

वहीं ग्रामीण थानों में खरोरा में 7, तिल्दा नेवरा में 5, अभनपुर, धरसीवां, मंदिर हसौद, सिलतरा में 4-4, आरंग, गोबरा नवापारा, माना कैंप में 3-3, विधानसभा में 2 और राखी में 1 मामला सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक गुमशुदगी के पीछे पारिवारिक कलह और घरेलू विवाद प्रमुख कारण हो सकते हैं। पति-पत्नी के बीच विवाद, परिजनों से अनबन, प्रेम संबंध, आर्थिक परेशानी, बेरोजगारी, नशे की लत, संपत्ति विवाद और घरेलू हिंसा के कारण भी लोग घर छोड़ देते हैं। किशोरों में पढ़ाई का दबाव, दोस्तों या प्रेम संबंधों का असर भी कारण बनता है। हालांकि हर मामले में वजह अलग होती है और जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होता है।

See also  लग सकता है महंगी बिजली का झटका: वितरण विभाग ने प्रति यूनिट 20 पैसे की वृद्धि का दिया प्रस्ताव

गोल बाजार थाना क्षेत्र में 24 मई को शादी के अगले ही दिन 25 वर्षीय नवविवाहिता छाया लहरे गायब हो गई। चेन्नई से बारात लेकर आए अंकित जैन ने 23 मई को बिलासपुर के कोटा/बिल्हा क्षेत्र में मंदिर में छाया से शादी की थी। 24 मई को परिवार गोल बाजार के जवाहर मार्केट में खरीदारी करने गया। अंकित पत्नी को बैठाकर सास के लिए जूस लेने गया और लौटा तो पत्नी नहीं मिली।

आमानाका थाना क्षेत्र के न्यू ट्रांसपोर्ट नगर, टाटीबंध से खलासी के लापता होने का मामला सामने आया। कोरापुट, ओडिशा निवासी वैश्नब हरिजन 31 जुलाई को ट्रक से रायपुर आया था। सिलतरा में माल खाली करने के बाद वह रिश्तेदार डमरू मांझी के साथ टाटीबंध में रुका था। दोपहर में चालक के सोने के दौरान वह गायब हो गया।

See also  बिलासपुर में तेज रफ्तार बस ने महिला को कुचला:पति के साथ मजदूरी के लिए निकली थी, आरोपी ड्राइवर फरार

इसी तरह माना कैंप स्थित शासकीय नवीन वरिष्ठजन आश्रम से 72 वर्षीय सुकेश कुमार दत्त 10 जून की सुबह बिना बताए निकल गए। वे मठपुरैना, टिकरापारा के निवासी हैं, बाएं पैर से लकवाग्रस्त हैं और चश्मा पहनते हैं।

जशपुर जिले के कोतबा थाना क्षेत्र के बनगांव निवासी खिलेंद्र पैंकरा अपनी 43 वर्षीय मां केलाती पैंकरा को इलाज के लिए रायपुर लाए थे। तीन जुलाई की शाम करीब 4:50 बजे अस्पताल में प्रक्रिया के दौरान वे भीड़ के बीच से गायब हो गईं। परिजनों के अनुसार वे मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और जशपुरिया बोली बोलती हैं।

Related Articles

Leave a Reply