देश

नदी किनारे बांटा दर्द… फिर प्रेमी जोड़े ने लगाई छलांग; मछुआरों ने एक की बचा ली जान

गोरखपुर

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां गोला थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने सरयू नदी में अपनी प्रेमिका के साथ छलांग लगा दी. पास से गुजर रहे लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया. इसके बाद कुछ मछुआरे उनको बचाने के लिए नदी में कूद गए. मछुआरों ने दोनों को बाहर निकाला, जिसमें युवती जिदा थी और युवक की मौत हो चुकी थी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

घटनास्थल पर मौजूद गांववालों ने बताया कि गोल थाना क्षेत्र के सूरदापार राजा गांव निवासी सुरेंद्र यादव के पुत्र राजेश घर से यह कहकर निकला था कि वह आईटीआई कॉलेज में एडमिशन लेने के लिए जा रहा है. कुछ देर के बाद पिता को सूचना मिली कि वह सरयू नदी में कूद गया है. मौके पर पहुंचे परिजन ने देखा कि उनके बेटे का शव नदी तट पर पड़ा हुआ है और पास में एक लड़की रो रही है.

See also  छत्तीसगढ़ की 70 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग, सीएम भूपेश सहित कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

गर्लफ्रेंड ने बताया
युवती ने बताया कि हम लोगों का प्रेम प्रसंग काफी दिनों से चल रहा था. हम लोग अक्सर मिलते जुलते थे. हम लोगों के बीच शादी की बात भी हो चुकी थी. राजेश बार-बार कह रहा था कि कोई अच्छा काम या रोजगार मिल जाए तो हम लोग शादी कर लेंगे, लेकिन समय बीत रहा था. बीच में वह कुछ दिन के लिए बेंगलुरु भी चला गया था. उस दौरान भी हम लोगों की बातचीत रोज होती थी. अभी कुछ दिन पहले वह परीक्षा देने के लिए यहां आया था तो फिर कहा कि अब आईटीआई करके एक टेक्निकल डिग्री ले लेंगे, उसके बाद कोई अपना काम या कोई सरकारी नौकरी करेंगे. आज उसने फोन करके कहा कि मैं बेंगलुरु जा रहा हूं और तुम आ जाओ. मुलाकात हो जाएगी तो अच्छा रहेगा.

युवती ने बताया कि उसने सरयू नदी के घाट पर मुझे बुलाया. पुल पर बैठकर हम लोग बातचीत कर रहे थे. शादी की बात को लेकर वह दुखी था. उसने कहा कि घरवाले शादी के लिए तैयार नहीं हैं. ऐसे में क्या किया जाए. कुछ समझ में नहीं आ रहा है. यह कहकर वह इमोशनल हो गया. मुझे भी उसने इमोशनल कर दिया. कहा कि साथ जी नहीं सकते तो मर तो सकते हैं. यदि तुम नहीं मरना चाहती हो तो तुम अपने घर चली जाओ. मैं नदी में कूद कर अपनी जान दे दूंगा. तब मैंने कहा कि तुम्हें पति के रूप में मान चुकी हूं तो तुमसे पहले मेरी ही मौत होगी. इसलिए मैं पहले नदी में कूद रही हूं. ऐसा कह कर मैं पहले नदी में कूद गई. उसके बाद राजेश कूद गया.

See also  स्कूल जा रही थीं लड़कियां, बाइक से आया मनचला और खींच लिया दुपट्टा; CCTV में रिकॉर्ड

प्रेमी के शव को देख युवती रो रही थी
युवती ने बताया कि आसपास के लोगों ने हम लोगों को देख लिया और शोर मचाया. पता नहीं कैसे लोगों ने मुझे बचा लिया, लेकिन उसको नहीं बचा पाए. घटनास्थल पर युवती रो रही थी. वह कह रही थी कि अब मेरे जीने से क्या फायदा है. हमें भी मार दीजिए. मैं मर जाऊंगी. वह अपने प्रेमी के सिर को अपनी गोद में रखकर रो रही थी. पुलिस ने युवती के घरवालों को भी सूचना दी, लेकिन उसे लेने के लिए कोई नहीं आया था.

इस संबंध में एसपी साउथ जितेंद्र कुमार ने बताया कि दो भाइयों में राजेश छोटा था. इंटर की परीक्षा देने के बाद बेंगलुरु नौकरी करने चला गया था. कुछ दिन पहले किसी चीज की परीक्षा देने के लिए वह वापस आया था. घर के लोगों से उसने आईटीआई करने की इच्छा जताई थी. आईटीआई में प्रवेश लेने की बात कहकर वह घर से निकला था. युवती के परिजनों को सूचना दी गई, लेकिन अभी तक कोई आया नहीं है. पुलिस घटना की जांच कर रही है.

See also  पति से झगड़ाकर छोड़ा घर, बिलासपुर स्टेशन पर आरपीएफ ने स्वजनों से मिलाया

Related Articles

Leave a Reply