देश

अमेरिका में सड़क पर रहने को मजबूर थी हैदराबाद की युवती, मदद के लिए पहुंचा विदेश मंत्रालय

नई दिल्ली

देश से हजारों युवा पढ़ाई और बेहतर करियर की तलाश में विदेश जाते हैं, लेकिन इनमें सबकी किस्मत अच्छी नहीं रहती है. कभी-कभी कोई पराए मुल्क में बड़ी मुसीबत में फंस जाता है. बीते दिनों हैदराबाद की ऐसी ही एक युवती का अमेरिका के शिकागो से वीडियो सामने आया था, जिसमें वो सड़क पर भूखे रहने को मजबूर थी. अच्छी बात है कि अब अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास महिला तक पहुंच गया है और उसे मदद उपलब्ध करा रहा है. शिकागो में मौजूद भारत के वाणिज्य दूतावास ने महिला से संपर्क किया है और उसे मेडिकल और भारत लौटने के लिए यात्रा में सहायता का ऑफर दिया है. कॉन्सुलेट जनरल ने बताया उन्होंने सईदा जैदी से संपर्क किया है. दूतावास ने ये भी बताया कि महिला की मां से बातचीत भी कराई गई है.

See also  पीएम मोदी ने 'डिजिटल अरेस्ट' को लेकर चेताया, बताए बचने के उपाय

पढ़ाई करने गई थी अमेरिका

कॉन्सुलेट ने ट्वीट कर लिखा, हमें खुशी है कि हम सईदा जैदी से संपर्क कर सके हैं और उन्हें मेडिकल सहायता और भारत लौटने में मदद का प्रस्ताव दिया है. वे फिट हैं और अपनी मां से बात कर चुकी हैं. भारत लौटने के लिए हमारी मदद की पेशकश पर अभी उनका जवाब आना बाकी है. हम उनकी पूरी मदद करने को तैयार हैं. 37 वर्षीय जैदी अगस्त, 2021 में मास्टर्स की पढ़ाई के लिए अमेरिका के शिकागो गई थीं. दो महीने पहले अचानक उनका अपने परिजनों से संपर्क टूट गया था. हाल ही में कुछ समय पहले परिवार वालों को एक वीडियो के माध्यम से सईदा के बारे में पता चला था. वीडियो में वह बहुत कमजोर हालत में सड़क किनारे कुछ सामान के साथ दिखाई दी थीं. इस दौरान एक शख्स उनसे अपने परिवार से संपर्क करने को कहता सुनाई दे रहा है.

See also  स्कूल में ही प्रिसिंपल ने किया सुसाइड, फंदे से लटकता मिला शव; लिखा 18 पेज का सुसाइड नोट

मां ने लगाई थी बेटी को वापस लाने की गुहार

वीडियो सामने आने के बाद महिला की मां ने विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर उनकी बेटी को भारत वापस लाने की गुहार लगाई थी. बीती 26 जुलाई को बीआरएस नेता खलीकुर रहमान ने महिला की मां का पत्र शेयर किया था. इसके साथ ही महिला का वीडियो भी डाला था. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश मंत्रालय और शिकागो स्थित वाणिज्य दूतावास ने बताया है कि अभी महिला यात्रा करने की स्थिति में नहीं है. महिला के माता या पिता को उसका ख्याल रखने के लिए शिकागो भेजने की तैयारी की जा रही है. हालांकि, उनके पास पासपोर्ट नहीं है. एक संगठन ने तेलंगाना के आईटी मंत्री केटीआर से हैदराबाद स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से पासपोर्ट और वीजा हासिल करने के लिए मदद की अपील की है.

See also  महिला ने पांच बेटियों संग कुएं में लगाई छलांग, सभी की मौत, पति के साथ नियमित झगड़े से थी परेशान

Related Articles

Leave a Reply