छत्तीसगढ़

रायपुर में जादू-टोना के शक में महिला की हत्या:आरोपियों को शक था, नींबू-मिर्ची फेंकने से पत्नी का हुआ अबॉर्शन

रायपुर: जिले के खरोरा इलाके में दो सगे भाइयों ने पड़ोसी महिला की हत्या कर दी। जमीन विवाद और जादू-टोना के शक में डंडे और पत्थर से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली। आरोपियों को शक था कि महिला के नींबू-मिर्ची फेंकने की वजह से उनकी पत्नियों का गर्भपात हो गया था।

यह वारदात खरोरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 में हुई। पुलिस ने बताया कि थाने में 24 मई को एक घर के बाहर महिला की खून से लथपथ लाश मिलने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ पर पता चला कि मृत महिला का नाम पद्मा यादव (उम्र लगभग 50 वर्ष) है। वो घर में अकेली रहती थी।

पुलिस ने जब घटनास्थल की जांच की, तो पाया कि मृत महिला के सिर, सीने और हाथ-पैरों पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस को घटनास्थल से खून से सना हुआ बड़ा पत्थर और एक टूटा हुआ डंडा भी मिला।

शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पहले बांस और नीलगिरी की लकड़ी से पीटा, फिर महिला के गिरने पर बड़े पत्थर से सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पद्मा यादव का पड़ोसी में रहने वाले दो भाई राजू यादव (28 साल) और जीवन यादव (24 साल) के साथ विवाद था। आए दिन पद्मा की दोनों भाइयों के साथ लड़ाई होती थी।

घटना वाले दिन भी राजू को पद्मा के घर के पास की गली से भागते हुए देखा गया था। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

नींबू-मिर्ची फेंकने और जादू-टोना का लगाया आरोप

दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें पद्मा पर जादू-टोना करने का शक था। पद्मा नींबू-मिर्ची फेंककर जादू-टोना करती थी, जिसकी वजह से उनकी पत्नियों का गर्भपात हो गया। इस बात को लेकर दोनों भाई महिला से नाराज रहते थे।

घटना के बाद दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना पत्थर और टूटा हुआ डंडा बरामद किया है। थाना खरोरा में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ घंटों के भीतर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply