ब्रेकिंग न्यूज़: राखी पहनाकर लौट रही आप पार्टी की कार्यकर्ता ओवरब्रिज से गिरकर मृत…आप पार्टी ने जतायी हत्या की आशंका…आप पार्टी ने किया हंगामा

अकलतरा/सीता टंडन
अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत कल्याणपुर में प्रेम विवाह के बाद अपने पति राहूल साहू के साथ रह रही आप पार्टी की कार्यकर्ता पूजा केंवट का ओवरब्रिज से गिरकर मौत हो गई है वहीं पति को मामूली चोट आई है । अकलतरा पुलिस से मिली जानकारी अनुसार साल भर पहले बिलासपुर की रहने वाली आप पार्टी कार्यकर्ता पूजा केवट का राहुल साहू निवासी कल्याणपुर के साथ अंतर्जातीय विवाह हुआ था । राखी का त्यौहार होने के कारण पूजा केंवट अपने पति राहूल साहू और उनके एक परिजन प्रकाश साहू जो बिलासपुर के रहने वाले हैं, के साथ बाइक से बिलासपुर गए थे । पूजा अपनी बहन से मिली और माता-पिता के खिलाफ अंतरजातीय विवाह करने के कारण घर नहीं गई । उसके बाद वे तीनों प्रकाश साहू के घर गए थे । वहां से तीनों रात को लगभग 12.00 बजे बिलासपुर से वापस अकलतरा आ रहे थे । वे राष्ट्रीय राजमार्ग 49 पर पहुंचे ही थे कि अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलटी और पूजा बाइक से उछलकर ओवरब्रिज से नीचे जा गिरी ओवरब्रिज से टकराकर बाईक ओवरब्रिज के नीचे गिर गई । ओवरब्रिज के नीचे गिरने से पूजा केंवट के सिर पर गंभीर चोट पहुंची और वही पूजा केंवट की मृत्यु हो गई । इस दूर्घटना से पूजा केंवट के पति राहूल साहू और प्रकाश साहू को भी चोट पहुंची है । दूसरी ओर मृतिका पूजा केंवट का पोस्टमार्टम कर शव उसके ससुराल वालों को सौंपा दिया गया था । इधर बिलासपुर में जैसे ही पूजा केंवट के परिजनों को पूजा केंवट के मौत के घटना पता चली तो उन्होंने इसकी सूचना आप पार्टी पदाधिकारियों को दी । घटना की सूचना मिलते ही मर्चुरी के पास लोग जमा हो गए और हंगामा किया और पूजा केंवट के शव को लाकर दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की और पूजा के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए अड़ गए । आप पार्टी कार्यकर्ताओं और उसके पिता सुखीराम केंवट और उसकी बहन का कहना है कि उसके शरीर पर मारने के निशान हैं और वह अपनी बहन से अकसर अपने पति द्वारा दी जा रही प्रताड़ना का जिक्र करती थी। पूजा केंवट की बहन का दावा है कि उसके पास फोन रिकार्ड है जिसमें पूजा केंवट बता रहीं हैं कि उसे कई बार नंगा करके पीटा गया है। आप पार्टी द्वारा पूजा की मौत की जांच के लिए एक जांच टीम गठित करने की मांग और पोस्टमार्टम दोबारा करने की बात को लेकर चार से पांच घंटे तक हंगामा चला है। अंत में तहसीलदार द्वारा पूजा केंवट की मौत की जांच के लिए एक जांच टीम गठित की गई है। जांजगीर से फोरेंसिंक टीम आकर घटना स्थल पर खून और अन्य साक्ष्यों का नमूना लेकर गयी है।
और दोनों पक्षो में शव का अंतिम संस्कार करने की बात को लेकर बहस हो रही थी। तहसीलदार शशिकांत सोनी की समझाइश पर परिजन मुश्किल से माने और शव पति को देने पर राजी हो गए।




