छत्तीसगढ़

एक-दो नहीं… थानेदार के घर चौथी बार चोरी, अलमारी तोड़कर चोर उड़ा ले गए नगदी और जेवर, घटना से हर कोई हैरान

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां थानेदार नवल साहू के सरकारी आवास में एक-दो बार नहीं बल्कि चौथी बार चोरी की वारदात हुई है। अज्ञात चोर अलमारी तोड़कर नगदी और चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। लगातार हो रही घटनाओं से परिवार और आसपास के लोग दहशत में हैं।

जानकारी के अनुसार, यह घटना कोतवाली थाना अंतर्गत सीएसईबी चौकी क्षेत्र की है। नवल साहू कुछ माह पूर्व तक कोरबा में पदस्थ थे और फिलहाल राजनांदगांव में पदस्थ हैं। उनका आवास पंप हाउस स्थित सरकारी क्वार्टर क्रमांक 2A-1 है।

हर रोज की तरह सोमवार की सुबह उनकी नौकरानी रामकुमारी बैरेठ जब घर पहुंची तो उसने देखा कि ताला टूटा पड़ा है। अंदर जाने पर अलमारी टूटी हुई मिली और उसमें रखे कीमती सामान गायब थे। इस पर उसने तुरंत नवल साहू और पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। चोरी की वारदात में चोर अलमारी से चांदी के जेवर और नगदी पार कर फरार हो गए।

See also  निकाय और पंचायत चुनावों का ऐलान : एक ही चरण में मतदान, 22 जनवरी से नामांकन, 11 को मतदान, परिणाम 15 फरवरी को, प्रदेश में आचार संहिता लागू

नौकरानी रामकुमारी ने बताया कि नवल साहू के घर में यह चौथी बार चोरी हुई है। लगातार हो रही घटनाओं से परिजन और मोहल्लेवासी दहशत में हैं।

वहीं इस मामले पर कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि चोरी की घटना सामने आई है मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हालांकि लगातार एसआई नवल साहू के घर हो रही चोरी से ऐसा प्रतीत होता है कि चोर की इस वारदात के पीछे कोई निजी खुन्नस हो सकती है। फिलहाल आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही चोरी की असल वजह सामने आ पाएगी।

Related Articles

Leave a Reply