5 किलो से ज्यादा गांजा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी शामिल

जांजगीर–चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास छापेमार कार्रवाई की गई। इस संयुक्त कार्रवाई में थाना अकलतरा पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम शामिल रही।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी अभिषेक सूर्यवंशी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम सारागांव को गिरफ्तार किया है। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 161 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 58 हजार रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा से लाकर जांजगीर में खपाने की फिराक में थे। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है और वह पहले भी शराब से जुड़े मामले में जेल जा चुका है।
फिलहाल आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी!




