महासमुंद पुलिस ने चैकिंग के दौरान कार से बरामद किया 25 लाख कैश

महासमुंद: हाइवे पर चेकिंग के दौरान महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने ओडिशा का नंबर प्लेट लगी एक गाड़ी से 25 लाख रुपये कैश बरामद किया. ये कैश रायपुर ले जाया जा रहा था.
मुखबिर से महासमुंद पुलिस को मिली थी सूचना
19 मार्च को महासमुंद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भारी मात्रा में कैश से भरी गाड़ी NH 53 से गुजरने वाली है. इस सूचना पर महासमुंद पुलिस ने चेकिंग शुरू की. NH 53 पर ग्राम जोगिडीपा में चैकपोस्ट लगाया गया. चेकिंग के दौरान पिथौरा की ओर से आ रही काले रंग की ग्रैंड विटारा कार क्रमांक ओडी 15 ए ए 5080 को रोककर पूछताछ की गई. कार में बैठे हुए एक व्यक्ति ने अपनी पहचान मोहित आनन्द उम्र 26 साल निवासी सुपकार बिल्डिंग बुधाराजा संबलपुर थाना जिला संबलपुर के रूप में दी.
कार में मिले 25 लाख रुपये
पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार के बीच सीट में सफेद काला रंग का चेकदार बैग रखा हुआ था. पुलिस ने बैग का जिप खोलने के लिए कहा तो उसमें कैश भरा हुआ था. बैग में 500-500 नोट का बंडल प्रत्येक बंडल में 100-100 नोट कुल 50 बंडल मिले, जो कुल 25 लाख रुपये थे. पुलिस ने जब रुपयों के बारे में पूछा तो कार चालक ने रायपुर में फ्लैट खरीदने के लिए कैश ले जाने की बात कही.
महासमुंद पुलिस ने कैश और गाड़ी जब्त की
नोटों के संबंध में पुलिस ने वैद्य कागजात दिखाने को कहा जिस पर मोहित आनंद कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया. जिसके बाद पुलिस ने धारा 94 बीएन एसएस का नोटिस दिया और 25 लाख रुपये कैश के साथ 15 लाख की गाड़ी, 45 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल कुल 40 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त की है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.




