जांजगीर में गूंजेगा ‘हर-हर महादेव’: 21 अप्रैल को 501 पार्थिव शिवलिंग निर्माण व महारुद्राभिषेक

जांजगीर-चांपा। विश्व शांति, मानव कल्याण और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जांजगीर में 21 अप्रैल को एक भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। श्री राम भिक्षुक धर्म जागरण सेवा समिति के तत्वावधान में हाई स्कूल मैदान में 501 पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं सामूहिक महारुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

समिति के अभिषेक शर्मा ने बताया कि आयोजन के तहत 501 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन, महारुद्राभिषेक और श्रृंगार किया जाएगा। शिवलिंगों का निर्माण टिला और तालाब की पवित्र मिट्टी से किया जाएगा, जिनका पूजन उपरांत विधिवत नदी में विसर्जन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह आयोजन विश्व में शांति और मानवता के कल्याण की भावना से प्रेरित है।
कार्यक्रम में लगभग 501 सनातनी परिवारों के शामिल होने की संभावना है। प्रत्येक परिवार से 2100 रुपये का सहयोग निर्धारित किया गया है, जिसके अंतर्गत पूजन की संपूर्ण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी तथा श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी। आयोजन के दौरान सर्व आचार्यों का प्रवेश, भगवान शिव का महारुद्राभिषेक, श्रृंगार एवं महाप्रसाद वितरण जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। श्रद्धालु 50 ग्राम दूध अर्पित कर अभिषेक करेंगे।
समिति के अनुसार इस आयोजन में सभी जाति और वर्ग के लोग शामिल हो सकते हैं। पूजन में बैठने के लिए पति-पत्नी होना अनिवार्य नहीं है, बल्कि भाई-बहन या परिवार के अन्य सदस्य भी एक साथ भाग ले सकते हैं। यह आयोजन पिछले तीन वर्षों से बिलासपुर में सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है और अब जांजगीर-चांपा में इसे पहली बार भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन को विशेष बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन के माध्यम से गुलाब जल का छिड़काव किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत चार दमकल वाहन तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। समिति द्वारा श्रद्धालुओं को पूजन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी तथा आस्था के प्रतीक के रूप में रुद्राक्ष का वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए लगभग 5000 लोगों के लिए महाप्रसाद (भंडारा) की विशेष व्यवस्था की गई है। इस सामूहिक अभिषेक आयोजन को जांजगीर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
प्रेस वार्ता में प्रदीप राठौर, गोपाल, अशोक शर्मा, राघवेंद्र पांडेय, प्रफुल्ल तिवारी, उपेंद्र तिवारी, रोहित शुक्ला, चंकी तिवारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




