छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल संकट : राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में पंप बंद

रायपुर। अमेरिका-ईरान युद्ध का असर अब वाहन ईंधन पर साफ नजर आने लगा है। रायपुर, बिलासपुर, बस्तर समेत कई शहरों में आपूर्ति गड़बड़ाने से पेट्रोल पंप सूखने लगे हैं। रायपुर जिले में बुधवार को 20 पेट्रोल पंप बंद रहे और 30 में ड्राई के हालात हैं। बिलासपुर में भी चार पंपों पर ताले लगे रहे। बस्तर की स्थिति भी ठीक नहीं है।

इधर, प्रशासन का दावा है कि हालात काबू में हैं। किल्लत की स्थिति नहीं है। सप्लाई में देर होने की वजह से ऐसे हालात बने हैं, पर यह सामान्य हो जाएगा। राजधानी रायपुर सहित जिले के अन्य शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने से पेट्रोल पंपों पर इसका असर पड़ना शुरू हो गया है। आपूर्ति कम होने से विभिन्न कंपनियों के कई पेट्रोल पंपों में पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया है, जिसके कारण संचालकों ने पंपों को बंद कर दिया है। 

पंपों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत 
वहीं कई पेट्रोल पंपों में ड्राई की स्थिति बनी हुई है। इन पेट्रोल पंपों में पेट्रोल-डीजल का स्टॉक एक-दो दिन का ही बचा हुआ है। पेट्रोल पंपों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत को देखते हुए अब लोग भी पैनिक होने लगे हैं, जिसके कारण बाकी पेट्रोल पंपों में गाड़ियों की लंबी कतारें भी लगनी शुरू हो गई हैं। इस दौरान कई जहां बंद मिले, वहीं जो खुले हुए हैं, उनमें वाहन की कतारें लगी रहीं। 

See also  रील बनाने के दौरान नदी में डूबा युवक, 48 घंटे बाद बरामद हुआ शव, मौत का लाइव VIDEO आया सामने

पैनिक होने की जरूरत नहीं
खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि, पैनिक होने की जरूरत नहीं है। कंपनियां लगातार पेट्रोल पंपों में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति करा रही हैं। इसकी निगरानी भी की जा रही है। कहीं-कहीं जरूर देर हो रही है, जिससे ड्राई की स्थिति बनी है। एक-दो दिन में बंद पंपों में भी स्थिति सामान्य हो जाएगी।

डिमांड से आधा पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति, इसलिए कई पंप हुए बंद
हिन्दुस्तान पेट्रोल पंप (एचपीसीएल), इंडियन ऑयल कार्पोरेशन (आईओसीएल) एवं भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) कंपनियों के कई पेट्रोल पंपों में पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया है। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के कुछ पंपों में एक-दो दिन पहले ही पेट्रोल-डीजल खत्म हो चुका है, वहीं कई पंप में बुधवार को खत्म हो गया। इसके कारण पंप संचालकों ने इसकी सूचना चस्पा कर पेट्रोल पंप बंद कर दिए हैं। 

See also  छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 77 ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, देखें पूरी लिस्ट…

20 पेट्रोल पंप खाली होने के कारण बंद 
हालांकि प्रशासनिक सूत्र से जानकारी मिली है कि,  जिले में विभिन्न कंपनियों के संचालित 297 पेट्रोल पंप हैं। इनमें से लगभग 20 पेट्रोल पंप खाली होने के कारण बंद हैं, वहीं शेष 277 पंपों में अभी भी पेट्रोल-डीजल का स्टॉक है। हालांकि दूसरी ओर भारत पेट्रोल पंप एसोसिएशन के विनोद कुमार उपाध्याय का कहना है कि हर कंपनी के पेट्रोल पंप में खपत और डिमांड की तुलना में तेल की आधी आपूर्ति की जा रही है। वहीं डिमांड करने के कई दिनों बाद आपूर्ति कराई जा रही है, जिसके कारण पंप बंद होने लगे हैं। उनका कहना है कि जिलेभर में लगभग 20 से ज्यादा पंप बंद हैं, वहीं दूसरे पंपों में भीड़ बढ़ने से 30 से ज्यादा पंपों में ड्राई की स्थिति भी बनी हुई है।

See also  निर्माणाधीन मकान में 2 महिला समेत चार लोगों की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, सुबह मिस्त्री ने देखा शव, जांच में जुटी पुलिस

प्रधानमंत्री की अपील का गलत मतलब निकालकर पैनिक हो रहे लोग
इधर, छत्तीसगढ़ पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल धकड़ ने बताया कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील है कि पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करें। इस अपील को लोग यह समझ बैठे हैं कि आगामी दिनों में पेट्रोल-डीजल का संकट और गहराएगा, जबकि ऐसा नहीं है। युद्ध का असर जरूर पेट्रोल-डीजल पर पड़ा है, लेकिन आपूर्ति उसी प्रकार हो रही है, जैसे अब तक होती आ रही है। जिले में हर दिन 200 से अधिक टैंकर कंपनियों से निकल रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग पैनिक होकर पेट्रोल पंपों में भीड़ लगाकर खपत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरा रहे हैं। यही वजह है कि कई पेट्रोल पंप में ड्राई की स्थिति निर्मित हुई है। उन्होंने कहा कि जो बंद हुए हैं, वहां भी एक-दो दिन में आपूर्ति हो जाएगी, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply