छत्तीसगढ़बिलासपुर

रामायण कार्यक्रम के लिए नहीं दिया चंदा, ग्रामीणों ने परिवार का किया सामाजिक बहिष्कार, कलेक्टर-SSP से लगाई मदद की गुहार

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रामायण कार्यक्रम के लिए चंदा नहीं देने पर ग्रामीणों ने परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया. पीड़ित संतोष कुमार साहू और उसकी पत्नी से बातचीत, हुक्का-पानी, खेती-किसानी और मजदूरी तक बंद करा दी गई. पीड़ित ने अब कलेक्टर और एसएसपी से मदद की गुहार लगाई है. पूरा मामला रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव मोहदा का है.    

जानकारी के मुताबिक, साल 2023 में गांव में नवधा रामायण का आयोजन हुआ था. उस समय आर्थिक तंगी के कारण वे चंदा नहीं दे सके. इसके बाद गांव में बैठक कर उनके सामाजिक बहिष्कार का फैसला लिया गया. गांव वालों ने उनसे सभी तरह के सामाजिक संबंध समाप्त कर दिए, बातचीत करने वाले पर जुर्माना लगाने की बात कही गई. 

संतोष साहू ने बताया कि वे निसंतान हैं और अपनी बीमार पत्नी के साथ रहते हैं. सामाजिक बहिष्कार के कारण उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है. गांव के माहौल की वजह से वे खेती-किसानी और मजदूरी जैसे काम भी सामान्य रूप से नहीं कर पा रहे हैं.

पीड़ित ने पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा, कि थाने में शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इसी कारण उन्होंने कलेक्टर और एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि संतोष कुमार साहू ने प्रशासन और स्थानीय थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग रामायण उत्सव के लिए चंदा मांगने उनके पास आए थे. चंदा देने से इनकार करने के बाद उन्हें गांव से सामाजिक रूप से बहिष्कृत करने की बात कही गई. 

एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गांव के कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि संतोष कुमार साहू गांव में होने वाले हिंदू धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं होते हैं और धार्मिक आयोजनों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं. हालांकि, इन आरोपों की जांच की जा रही है.

उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply