छत्तीसगढ़सक्ती

भारी बारिश का कहर: जैजैपुर-हसौद मुख्य मार्ग पर भरा 3 फीट पानी, कई जगहों पर सड़क क्षतिग्रस्त, आवागमन प्रभावित

सक्ती। सक्ती जिले में देर रात हुई तेज बारिश के बाद जनजीवन प्रभावित हो गया है। जैजैपुर-हसौद मुख्य मार्ग पर ओड़ेकेरा के पास सड़क पर करीब तीन फीट तक पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो गया है। तेज बहाव के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने की भी प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोग जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से आवाजाही करने को मजबूर हैं।

देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद जैजैपुर-हसौद मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति बन गई। ओड़ेकेरा के पास सड़क पर करीब तीन फीट तक पानी बह रहा है, जिससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। आसपास के खेत भी पानी में डूब गए हैं और राहगीर जोखिम उठाकर सड़क पार करते दिखाई दे रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज बहाव की वजह से करीब 18 फीट चौड़ी सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है। सड़क पर बहते पानी के बीच दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि सड़क की क्षति को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान यहां इसी तरह की स्थिति बन जाती है। इसके बावजूद अब तक न तो पुल का निर्माण किया गया है और न ही स्थायी जल निकासी की व्यवस्था की गई है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply