छत्तीसगढ़ में 4 दिनों तक भारी बारिश की संभावना : बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव, कई जिलों में रेड-ऑरेंज अलर्ट जारी

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके चलते मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अगले 24 घंटे में तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अगले दो से तीन दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान महासमुंद जिले के बसना में सबसे अधिक 154 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे नदी-नाले उफान पर आने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
प्रदेश के सरगुजा और बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि कम दबाव प्रणाली के प्रभाव से इन इलाकों में भी जल्द अच्छी बारिश होगी और वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों से दूर रहने, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों में न रुकने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।




