
कोरबा। जिले के करतला वन परिक्षेत्र के बड़मार गांव में हाथी के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाथियों के दल से बिछड़ा एक दंतैल जंगल से निकलकर खेत की ओर पहुंच गया, जहां काम कर रहे किसान का उससे आमना-सामना हो गया। हाथी ने किसान पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग मामले की जांच और निगरानी में जुट गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना बड़मार गांव से लगे लगभग 2 किलोमीटर अंदर जंगल में घटी है, जहां खेत से काम कर वापस लौटते समय बड़मार निवासी 53 वर्षीय जगेश्वर राठिया का सामना हाथी से हो गया. किसान को हाथी के हमले से बचने का मौका ही नहीं मिला और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया.
खेत में काम करने गए अन्य किसानों की जगेश्वर पर नजर पड़ने के बाद परिजनों और वन विभाग को सूचना दी. वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी लेते आगे की कार्रवाई की शुरू कर दी है. इसके साथ ही वन विभाग के कर्मचारियों ने खेत में काम कर रहे किसानों को घर जाकर हाथी आने की सूचना देने के लिए ताकीद किया.
करतला रेंजर अक्ष ऋषि ने बताया कि तीन दिनों से लोनर हाथी बाड़मार जंगल और आसपास विचरण कर रही है. वन विभाग ने पहले भी मुनादी कराई थी, और आज भी आसपास गांव में मुनादी कराई जा रही है. मृतक के परिजनों का बयान दर्ज कर मिलने वाली तत्कालीन सहयोग राशि प्रदान की जाएगी.




