मुलमुला: डामर प्लांट से केबल वायर चोरी का 24 घंटे में खुलासा

1 आरोपी गिरफ्तार, 75 हजार रुपये का चोरी का केबल वायर बरामद
जांजगीर-चांपा
मुलमुला थाना क्षेत्र में हुई चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
प्रार्थी मुकेश केडिया ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे बनाहिल स्थित लड्डू गोपाल राईस मिल के अंदर डामर प्लांट से कुछ लोगों ने केबल वायर चोरी कर ली। सूचना मिलते ही मिल के चौकीदार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम बनाहिल चौक के पास घेराबंदी कर संदेही प्रकाश केवट एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया।
पूछताछ में प्रकाश केवट उर्फ गबरू केवट, उम्र 19 वर्ष, निवासी बनाहिल ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से लगभग 75 हजार रुपये कीमत का चोरी का केबल वायर बरामद किया गया।
आरोपी प्रकाश केवट को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 316/2026, धारा 331(4), 305(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की गई है।




