बिलासपुर में पिता की लापरवाही ने ली दो मासूमों की जान! मोबाइल पर बात में व्यस्त रहा पिता, तालाब में डूबे दो भाई

बिलासपुर: पचपेड़ी क्षेत्र के चिल्हाटी स्थित तालाब में पिता के साथ गए दो मासूम डूब गए। इस दौरान उनका पिता मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। दोनों बेटों के तालाब में डूब जाने की उसे भनक नहीं लग सकी। किसी ने बच्चों को डूबते देखा तो इसकी जानकारी हुई। गांव के लोगों ने पानी में गोता लगाकर दोनों मासूम को निकाला। उन्हें तत्काल पचपेड़ी स्थित अस्पताल लेकर जहां से मस्तूरी रेफर किया गया।
मस्तूरी में डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर शव चीरघर भेज दिया है। शुक्रवार को दोनों मासूम का पीएम कराया जाएगा। पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि ग्राम चिल्हाटी में रहने वाले भक्त प्रहलाद पैकरा किसान हैं। गुरुवार की शाम वे अपने दो बेटे दीपू पैकरा(7) और चींटू पैकरा(4) को लेकर तालाब गए थे।
तालाब के पास भक्त प्रहलाद अपने बेटों को छोड़कर मोबाइल पर बात करते हुए आगे निकल गए। इधर उनके बच्चे तालाब के पास ही थे। चींटू तालाब के पार में फिसलकर पानी में चला गया। उसे पानी में गिरते देख दीपू ने भी पानी में छलांग लगा दी। पानी गहरा होने के कारण दोनों डूबने लगे। इधर मोबाइल पर बात करते हुए पिता को इसकी भनक नहीं लग सकी।
किसी ने दोनों बच्चों को पानी में डूबते देखकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। जब तक लोग पानी के पास पहुंचे तब तक दोनों बच्चे पानी में डूब गए थे। गांव के लोगों ने पानी में गोता लगाकर बच्चों को बाहर निकाला तब तक दोनों की हालत गंभीर हो गई थी। स्वजन दोनों को अस्पताल लेकर गए। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर शव चीरघर भेज दिया। शुक्रवार को दोनों का पीएम कराया जाएगा।
गांव का माहौल हुआ गमगीन
दो बच्चों की मौत के बाद गांव में मातम पसर गया। तालाब में डूबे बच्चों को निकालने के लिए ग्रामीण मौके पर डटे रहे। जैसे ही शव को बाहर निकाला तो ग्रामीणों में चीख पुकार मचने लगी। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बच्चे साथ हों तो बरतें सावधानी बच्चों के साथ यात्रा या बाहर निकलते समय अभिभावकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
भीड़भाड़ वाली जगहों, बाजार, नदी-तालाब और सड़क पर बच्चों को अकेला न छोड़ें। उन्हें हमेशा अपने साथ रखें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ जाने से रोकें। वाहन चलाते समय भी बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।




