राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश : एक नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और नकद जब्त

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में राहगीरों को निशाना बनाकर गिरोह के रूप में लूटपाट करने वाले आरोपियों पर कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे लाइन किनारे और रेलवे स्टेशन चौक के पास दो अलग-अलग लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 3 मोबाइल फोन, 1000 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई जावा व पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि, आरोपी एकजुट होकर राहगीरों को घेरते थे और मारपीट कर उनके मोबाइल, नकदी व अन्य सामान लूट लेते थे। दो अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के सदस्यों तक पहुंच बनाई। प्रकरण में आरोपियों की संख्या पांच से अधिक पाए जाने पर पुलिस ने लूट की धाराओं में संशोधन करते हुए धारा 310(2) बीएनएस के तहत डकैती का अपराध जोड़ा है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दो युवकों को घेरकर मोबाइल लूटा, ऑनलाइन ट्रांसफर कराए 4 हजार रुपये
पहली घटना 8 सितंबर की है। गेल्वे कंपनी के सेल्समैन गोविंद सिंह धुर्वे (18) निवासी मजगांवा, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) ने 9 सितंबर को थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। गोविंद के मुताबिक, वह अपने साथी नरेश सिंह के साथ किरोड़ीमलनगर रेलवे लाइन किनारे था। इसी दौरान विमल उरांव अपने 6-7 साथियों के साथ तीन मोटरसाइकिलों में वहां पहुंचा और दोनों से पैसों की मांग करने लगा। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने गोविंद का पोको सी-50 मोबाइल और उसके साथी नरेश का रियलमी मोबाइल छीन लिया।

विरोध करने पर की मारपीट
विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और उन्हें पास स्थित श्मशान के पास ले जाकर भी पीटा। इसके बाद नरेश के मोबाइल से एक दुकान पर 4000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। मारपीट में गोविंद के होंठ और गाल पर चोट आई। इस मामले में थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 329/2026 के तहत धारा 309(6), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।
रेलवे स्टेशन चौक के पास दूसरे सेल्समैन से भी लूट
दूसरी वारदात में गेल्वे कंपनी के ही सेल्समैन आर्यन बंजारे (21) को आरोपियों ने अपना निशाना बनाया। आर्यन, ग्राम बोहारडीह थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर का रहने वाला है और वर्तमान में किरोड़ीमलनगर में रहता है।
रेलवे स्टेशन चौक पर सेल्समैन को घेरकर लूट
आर्यन ने पुलिस को बताया कि, 8 सितंबर की शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच वह रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। रेलवे स्टेशन चौक के पास लाल रंग की पल्सर और एक अन्य बाइक में सवार 6-7 युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसका रेडमी 9 प्रो मोबाइल तथा पर्स लूटकर फरार हो गए। पर्स में पैन कार्ड और आधार कार्ड भी रखे हुए थे। रिपोर्ट पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 332/2026, धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में खुला लूटपाट करने वाले गिरोह का राज
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस ने किरोड़ीमलनगर क्षेत्र में लोगों से पूछताछ की तो जानकारी मिली कि विमल उरांव और उसके साथी क्षेत्र में आए दिन लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
बंटवारे की रकम से जुड़े अहम सुराग मिले
पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने यह भी बताया कि नरेश सिंह के मोबाइल से ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए 4000 रुपये में से बची 1000 रुपये की रकम का आपस में बंटवारा किया गया था। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने लूट में शामिल अन्य आरोपियों की भी पतासाजी की और उन्हें अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे लाइन किनारे चिराईपानी तथा रेलवे स्टेशन के सामने लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद किया ये सामान
- 3 मोबाइल फोन
- 1000 रुपये नकद
- घटना में प्रयुक्त जावा मोटरसाइकिल
- घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल
लूट का पोको मोबाइल आरोपी विमल उरांव से, जबकि ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई रकम में से बची 1000 रुपये की राशि विधि से संघर्षरत बालक से बरामद की गई। जांच में आरोपियों की संख्या पांच से अधिक पाए जाने पर पुलिस ने पूर्व में दर्ज धारा 309(6), 3(5) बीएनएस को हटाकर धारा 310(2) बीएनएस के तहत डकैती का अपराध जोड़ा।
पुलिस ने मामले में इन आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- विमल उरांव (22) पिता रमेश उरांव, निवासी कोसमपाली गोदामडिपा, थाना कोतरारोड़।
- रितेश कुमार महंत उर्फ गोल्डी (21) पिता बसंत कुमार महंत, निवासी कोसमपाली अटल चौक, थाना कोतरारोड़।
- दुर्गेश चौहान (19) पिता मेघनाथ चौहान, निवासी गोदामडिपा कोसमपाली, थाना कोतरारोड़।
- बिट्टू उर्फ विवेक पटैल (22) पिता गरजन पटैल, निवासी कुथुर, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा, हाल गणेश चौक किरोड़ीमलनगर।
- महावीर पटैल (19) पिता रामचरण पटैल, निवासी कुथुर, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा, हाल गणेश चौक किरोड़ीमलनगर।
- ऋषि चौहान (19) पिता जनकराम चौहान, निवासी गोदामडिपा कोसमपाली, थाना कोतरारोड़।
- एक विधि से संघर्षरत बालक।




