छत्तीसगढ़

बारिश में थम जाती है बच्चों की पढ़ाई : स्कूल की राह में बाधा बनता है नाला, पुलिया निर्माण की मांग

अंतागढ़। ग्रामीण अंचलों में शिक्षा की राह आज भी कई चुनौतियों से भरी हुई है। अंतागढ़ क्षेत्र के देवगांव स्कूल पारा से आमपारा जाने वाले मार्ग पर पुलिया नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ जाती है। नाले में पानी का बहाव तेज होने के बाद मार्ग पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे बच्चों का स्कूल तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दौरान नाले में पानी बढ़ने पर बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार पानी कम होने का इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा के लिए बच्चों को नियमित रूप से स्कूल पहुंचना जरूरी है, लेकिन बुनियादी आवागमन सुविधा के अभाव में बारिश के मौसम में यही रास्ता बड़ी चुनौती बन जाता है।

ग्रामीण बताते हैं कि, बारिश का पानी कम होने के बाद वे आपसी सहयोग से रास्ते को आवागमन के लायक बनाते हैं, लेकिन हर साल बरसात शुरू होते ही समस्या दोबारा सामने आ जाती है। लंबे समय से पुलिया निर्माण की जरूरत महसूस की जा रही है, बावजूद इसके स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से देवगांव स्कूल पारा से आमपारा मार्ग का स्थल निरीक्षण कर नाले पर आवश्यक पुलिया निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि, ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्कूल भवन और शिक्षकों के साथ-साथ बच्चों के सुरक्षित आवागमन की सुविधा भी जरूरी है। ग्रामीणों की मांग है कि, पुलिया निर्माण होने से बारिश के दिनों में बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होगी और गांव के लोगों को भी सालभर सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply