महानदी पुल पर पिकअप की ठोकर से ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा की दर्दनाक मौत

राजिम। मंगलवार को महानदी पुल पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। पिकअप सीजी 05 एबी 1088 की चपेट में आने से राजिम ब्राह्मण समाज एवं छत्तीसगढ़ बेरोजगार संघ के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा की 58 वर्ष की एम्र में दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे सुनील जैन गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे को अंजाम देने वाले पिकअप चालक विशेसर कावरे उम्र 24 वर्ष नशे में खूब टुन्न था। ये चालक सांकरा-नगरी का रहने वाला है जो सुअर छोड़ने के लिए पिथौरा गया हुआ था। लौटते वक्त कहीं वह बैठकर शराब पी ली। उसके बाद उसी हालत में गाड़ी लेकर सांकरा जाने के लिए निकला। पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक, पंडित श्यामाचरण शुक्ला चौक जैसे भीड़ वाले इलाके से होते हुए महानदी पुल पहुंचा। रफ्तार से गाड़ी दौड़ाने लगा और अंतत: नवापारा के पहले पुल के आखिरी छोर पर रांग साइड से चलकर इन दोनो बाइक सवार देवेंद्र शर्मा और सुनील जैन को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शी नवापारा निवासी भूपेंद्र सेन महानदी पुल के नीचे मछली पकड़ने के लिए मौजूद था, उसने अपनी आंखो से देखा कि, भयानक आवाज के साथ देवेंद्र शर्मा पिकअप की टक्कर से फुटबाल की तरह उछलकर पुल के ऊपर से वहां जा गिरे जहां कांक्रीट था। भूपेंद्र तुरंत देवेंद्र शर्मा को उठाया तब तक उनकी हालत खराब हो गई थी, खून से लथपथ था। सड़क के ऊपर आकर ई रिक्शा से जा रहे रितेश साहू को रोका और ई रिक्शा के ट्रॉली में लिटाकर नवापारा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। परंतु अस्पताल पहुंचने के पहले ही देवेंद्र की सांस थम चुकी थी।
इस घटना की खबर देखते ही देखते जंगल में आग की तरह फैल गई। पूरा राजिम शहर और नवापारा अस्पताल पहुंच गया। विधायक रोहित साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, राजिम नगर पालिका के अध्यक्ष महेश यादव, नवापारा ब्राम्हण समाज के अध्यक्ष प्रसन्न शर्मा, पूर्व अध्यक्ष श्यामकिशोर शर्मा, नगर पालिका के पूर्व सभापति रमेश तिवारी, जिला भाजपा महामंत्री चंद्रशेखर साहू, नंदकिशोर शर्मा, लिलेश्वर यदु सहित बड़ी संख्या में युवा वर्ग अस्पताल पहुंचे। यहां मौजूद सभी लोगो के आंखो में आंसू की धार देखी गई। क्योंकि देवेंद्र शर्मा राजिम में युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय रहे। अभी हाल ही में उन्होने पोला पर्व के अवसर पर खेलकूद का आयोजन वृहत स्तर पर कराया था। जिसमें हजारो लोगो की सहभागिता रही।
बहरहाल नवापारा और राजिम शहर में नशे में धूत रहकर दर्जनो चालक रोज तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा रहे है और यह दुर्घटना भी उसी का नतीजा है। बता दें कि यदि सिर्फ डेड़-दो मिनट का अंतराल होता तो देवेंद्र शर्मा और सुनील जैन तो बच जाते परंतु पुल के नवापारा के छोर में फल फ्रुट का पसरा लगाने वाले हर हाल में चपेट में आ जाते। क्योंकि चालक रांग साइड में गाड़ी दौड़ा रहा था और उसी साइड पसरा लगता है। तब तो बहुत बड़ी दुर्घटना हो जाती। क्योंकि आगे पसरा और उसमें खरीददार लोग खड़े रहते है।
यह हादसा दोपहर डेड़ से दो बजे के बीच हुई है। बाइक चला रहे सुनील जैन की भी हालत काफी गंभीर बताई गई है, जिसे रायपुर के निजी अस्पताल के लिए रिफर किया गया है। नवापारा पुलिस ने उक्त पिकअप को जप्त कर थाना ले गया और चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। महानदी पुल पर हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और रांग साइड वाहन चलाने जैसी गंभीर लापरवाहियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को स्व देवेंद्र शर्मा का अंतिम संस्कार सुबह 10 बजे सोनतीर्थ घाट में होगा।




