जांजगीर चांपा

जांजगीर : शराब दुकान के गार्ड की हत्या, दुकान के अंदर मिली लाश, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, ढाबे में खाना खाने के दौरान हुआ था विवाद, जांच में जुटी पुलिस

जांजगीर-चांपा

जिले के मूलमुला थाना क्षेत्र से हत्या की खबर निकल कर सामने आ रही है, जहां अज्ञात लोगों के द्वारा शराब दुकान के गार्ड की हत्या कर दी गई है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। आज सुबह मृतक की लाश दुकान के अंदर ही मिली है। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मोर्चा खोल दिया है और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर धरने पर बैठ गए हैं। पूरी घटना नरियरा गांव की बताई जा रही है। जहां बीती रात घटना को अंजाम दिया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची है और आगे की जांच में जुटी हुई है।जानकारी के मुताबिक, महेश्वर शांडिल्य(42) ग्राम छयडोलिया का निवासी था। वह नरियरा गांव में शराब दुकान में गार्ड की नौकरी करता था। सोमवार रात को भी वह ड्यूटी के लिए दुकान आया था। इसी बीच देर रात ही किसी ने उसकी हत्या कर दी। जब दुकान के कर्मचारी सुबह दुकान पहुंचे, तो अंदर गार्ड का शव पड़ा था। कर्मचारियों ने देखा कि महेश्वर का शव दुकान के अंदर बेड पर पड़ा हुआ है। उसके चेहरा को तकिए से दबाया गया था। आस-पास काफी खून फैला हुआ था। शरीर में चोट के निशान भी मिले हैं। कर्मचारियों ने इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी। परिजनों को भी बताया गया। शराब दुकान को सील कर दिया गया है। मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक की टीम को भी बुलाया गया है। एसपी और पुलिस के सीनियर अधिकारी भी घटनास्थल पहुंच रहे हैं। वहीं यह भी पता चला है कि महेश्वर सोमवार रात को नरियरा में संचालित मोटू ढाबा में खाना खाने गया था। उसी दौरान उसका किसी से विवाद हुआ था। पुलिस इस मामले में अब अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply