बिलासपुर

घर के सामने खेल रहे मामसू की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत

बिलासपुर

मस्तूरी क्षेत्र के किसान परसदा में घर के सामने खेल रहे मासूम की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, ट्रैक्टर जब्त कर चालक की तलाश की जा रही है।मस्तूरी क्षेत्र के हेमंत जोशी किसान हैं। रविवार की शाम उनका बेटा सूर्यप्रकाश जोशी(13) अपने साथियों के साथ घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान नहर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मासूम को टक्कर मार दी। वहीं, उसके साथ खेल रहे अन्य बालक ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथियों ने घटना की जानकारी घर में दी। इस पर हेमंत मौके पर पहुंचे। वे बालक को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहे थे। इसी बीच घायल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी मस्तूरी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर पूछताछ में बच्चों ने बताया कि गांव का कांता प्रसाद कुर्रे ट्रैक्टर चला रहा था। इस पर पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है। वहीं, ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि चालक कांता कुर्रे लापरवाही पूर्वक ट्रैक्टर चला रहा था। चालक नहर में तेजी से ट्रैक्टर चला रहा था। इससे वहां मौजूद अन्य बच्चे भी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद वह तेजी से ट्रैक्टर चलाते हुए भाग निकला। गांव वाले उसकी तलाश कर रहे थे। इस बीच वह गांव से फरार हो गया।

Related Articles

Leave a Reply