छत्तीसगढ़

अब एटीएम सेंटर से निकलेगा पीडीएस चावल : हितग्राहियों को कार्ड का आईडी नंबर डालकर लगाना होगा फिंगर

रायपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत अब तक उचित मूल्य की दुकानों से ही हितग्राहियों को पीडीएस चावल का वितरण किया जाता है, लेकिन अब हितग्राहियों को सुविधा देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में ग्रेन एटीएम सेंटर खोलने का निर्णय लिया है।

इस एटीएम से रुपयों की जगह पीडीएस चावल निकलेगा। यह ग्रेन एटीएम भी बैंकों के एटीएम सेंटरों की तरह 24 घंटे खुले रहेंगे, जिससे हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय एटीएम सेंटर में जाकर चावल निकाल पाएगा। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि एटीएम सेंटर के खुलने से उचित मूल्य की दुकानों में लगने वाली भीड़ कम होगी, जिससे हितग्राहियों के समय की बचत के साथ लाइन में लगना भी नहीं पड़ेगा।

पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में रायपुर, दुर्ग-बिलासपुर में एक-एक एटीएम सेंटर खुलेंगे
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार,  ग्रेन एटीएम सेंटर की सुविधा पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में लाया गया है। इसके लिए रायपुर, दुर्ग एवं बिलासपुर को चुना है, जहां एक-एक ग्रेन टीएम सेंटर खोलने की तैयारी की जा रही है। रायपुर में ग्रेन एटीएम सेंटर खोलने के लिए स्थान भी चिन्हांकित कर लिया है। रावांभाठा क्षेत्र में आरटीओ दफ्तर के पीछे इलाके में एक सरकारी भवन में एटीएम सेंटर खोला जाएगा। इस भवन का खाद्य विभाग एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी निरीक्षण भी कर चुके है। जल्द ही इसे ग्रेन एटीएम सेंटर का रूप दिया जाएगा। इसे सफलता मिलने के बाद पूरे प्रदेश में इसे लागू किया जाएगा, जिसके बाद हर शहर में धीरे-धीरे एटीएम सेंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

24 घंटे खुला रहेगा सेंटर सुरक्षा गार्ड भी रहेगा तैनात
ग्रेन एटीएम सेंटर भी बैंकों के एटीएम की तरह 24 घंटे खुला रहेगा। हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय इस सेंटर में जाकर चावल निकाल सकता है। इस प्रक्रिया में महज 30 से 50 सेकंड ही लगेंगे।

आईडी नंबर डालने के बाद फिंगर करना होगा स्कैन
उचित मूल्य की दुकान में ईपॉस मशीन में जिस तरह से खाद्यान्न लेने के लिए हितग्राही को प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है, लगभग वहीं प्रक्रिया एटीएम सेंटर में पीडीएस चावल निकालने के दौरान पूरी करनी होगी। दोनों अंतर यह है कि एटीएम सेंटर में हितग्राही स्वयं से अन्नपूर्णा मशीन में पहले राशन कार्ड की आईडी डालेगा और फिर फिंगर स्कैन करेगा। इसके साथ ही कार्ड के सदस्यों की संख्या के अनुसार चावल मशीन से निकलेगा, जिसे हितग्राही थैले या बोरे में ले सकेंगे।

कई राज्यों में किया जा रहा प्रयोग
 ग्रेन एटीएम सेंटर का प्रयोग ओड़िशा, बिहार, राजस्थान तथा हरियाणा जैसे राज्यों में किया जा चुका है। इन राज्यों में कहीं-कहीं पीडीएस वितरण एटीएम सेंटर खुले हुए है। छत्तीसगढ़ में भी अब इसका ट्रॉयल होने जा रहा है।

ट्रायल के रूप में खोलने की तैयारी 
रायपुर खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि, ट्रॉयल के रूप में पहला ग्रेन एटीएम सेंटर खोलने की तैयारी की जा रही है। स्थान का चयन कर लिया है। जल्द ही अन्नपूर्णा मशीन सहित पूरा सेटअप स्थापित कर एटीएम सेंटर खोला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply