छत्तीसगढ़

मोदी के जन्मदिन पर सियासी संग्राम : कांग्रेस मनाएगी महंगाई-बेरोजगारी दिवस, सभी जिलों में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी माहौल गरमाता नजर आ रहा है। प्रदेश कांग्रेस ने 17 सितंबर को अलग अंदाज में मनाने का ऐलान किया है। कांग्रेस ने इस दिन को ‘महंगाई-बेरोजगारी दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। इसके तहत प्रदेशभर में केंद्र सरकार के खिलाफ महंगाई, बेरोजगारी और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में कांग्रेस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इन पत्रकार वार्ताओं के जरिए कांग्रेस केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने रखने की तैयारी में है। पार्टी का कहना है कि महंगाई और बेरोजगारी का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस केंद्र सरकार से सवाल करेगी और अपने अभियान के जरिए जनता के बीच पहुंचेगी।

दीपक बैज ने भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि Gen Z आंदोलन के बाद सरकार बैकफुट पर है और इसी वजह से डैमेज कंट्रोल के लिए भाजपा को सेवा संकल्प अभियान चलाना पड़ रहा है। बैज ने भाजपा के इस अभियान को नौटंकी और प्रोपगेंडा करार देते हुए कहा कि कांग्रेस भी इसके जवाब में अपना अभियान चलाएगी।

कांग्रेस के प्रस्तावित अभियान में महंगाई, बेरोजगारी, रोजगार के अवसर और आर्थिक समस्याएं प्रमुख मुद्दे रहेंगे। पार्टी इन विषयों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने के साथ ही पिछले वर्षों के कामकाज और कथित विफलताओं को जनता के सामने रखने की बात कह रही है। कांग्रेस का यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन यानी 17 सितंबर से शुरू होगा और प्रदेश के अलग-अलग जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पार्टी अपनी बात रखेगी।

Related Articles

Leave a Reply