छत्तीसगढ़

रायपुर में आज से सजेगा उद्योगों का महाकुंभ : 20 सितंबर तक चलेगा इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026

रायपुर। राजधानी रायपुर में आज 18 सितम्बर से उद्योग, कारोबार और निवेश से जुड़ा बड़ा आयोजन शुरू होने जा रहा है। साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय यह औद्योगिक मेला 20 सितंबर तक चलेगा, जिसमें देशभर से उद्योगपति, उद्यमी, निवेशक और खरीदार शामिल होंगे।

फेयर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) के साथ स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को अपने उत्पाद, तकनीक और कारोबारी विचार लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य उद्योगों को नए बाजार और संभावित निवेशकों से जोड़ना भी है।

औद्योगिक मेले में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े उत्पादों और नई तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। निवेशकों और उद्यमियों के बीच संवाद के लिए भी मंच तैयार किया गया है। इससे कारोबार से जुड़े लोगों को नए व्यावसायिक अवसर तलाशने में मदद मिलने की उम्मीद है।

इस बार फेयर में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर रहेगा। जॉब प्लेसमेंट की व्यवस्था के साथ उद्योगों और विद्यार्थियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने की तैयारी है। इसके जरिए युवाओं को कंपनियों की जरूरतों और रोजगार के विकल्पों की जानकारी मिल सकेगी।

स्टार्टअप और युवा उद्यमियों के लिए यह आयोजन अपने बिजनेस आइडिया और उत्पाद प्रस्तुत करने का अवसर लेकर आया है। उद्योग, निवेश, रोजगार और नवाचार को एक ही मंच पर लाने वाला यह फेयर राजधानी में तीन दिनों तक कारोबार से जुड़ी गतिविधियों का केंद्र रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply