आंध्र प्रदेश: काकीनाडा की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 21 लोगों की दर्दनाक मौत

समारालाकोटा (आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के सामरलकोट मंडल स्थित वेटलापालेम गांव में एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 21 लोगों की जलकर मौत हो गई है. करीब 15 लोगों के घायल होने की सूचना है. घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां 9 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.
कैसे हुआ हादसा?
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट उस समय हुआ जब कुछ महिलाएं फैक्ट्री के भीतर विस्फोटक सामग्री तैयार कर रही थीं. धमाका इतना जोरदार था कि कारखाने का ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. रिपोर्टों के अनुसार, अभी भी कई मजदूरों के फैक्ट्री के मलबे के भीतर फंसे होने की आशंका है. बचाव दल मौके पर राहत कार्य में जुटा हुआ है. RDO ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री का मालिक फरार है.
शव दूर तक जा गिरे
घटनास्थल से मिल रही खबरों के अनुसार, मृतकों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि शव उड़कर पास के खेतों में जा गिरे. विस्फोट के घंटों बाद भी पटाखा फैक्ट्री से रुक-रुक कर धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिससे पूरा इलाका दहल गया है. विस्फोट के कारण निकले घने धुएं ने आसपास के कम से कम पांच गांवों को अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है.
सीएम ने गृह मंत्री को भेजा
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत कार्य जारी है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल युद्ध स्तर पर राहत कार्य चलाने और घायलों को सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सहायता प्रदान करने के कड़े निर्देश दिए हैं. सीएम के आदेश पर गृह मंत्री वांगलापुडी अनीता तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं ताकि वे व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर सकें. मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू इस वक्त विजयनगरम जिले के दौरे पर हैं.
चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया ‘X’ पर लिखा- “काकीनाडा जिले के वेटलापलेम में एक पटाखा बनाने वाले सेंटर में हुए धमाके से बहुत सदमा लगा है. यह दुख की बात है कि इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई. मैंने इस घटना के बारे में बड़े अधिकारियों से बात की है. मैंने आदेश दिया है कि पीड़ितों को तुरंत जरूरी मदद दी जाए. हम राहत के कामों पर नजर रख रहे हैं. हम प्रभावित परिवारों की मदद करेंगे.”
पहले भी हुई थी ऐसी घटना
प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि क्या फैक्ट्री के पास वैध लाइसेंस था और वहां सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं. इसी तरह की घटना पहले भी इसी गांव में एक पटाखा बनाने वाले प्लांट में हुई थी.




