छत्तीसगढ़

आवासीय स्कूल की 3 आदिवासी छात्राएं गर्भवती, मचा हड़कंप, अधीक्षिका ने कही यह बात

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पोटा केबिन छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने वाली तीन छात्राएं गर्भवती पाई गई हैं। घटना उजागर होते ही शिक्षा विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गर्भवती पाई गई छात्राओं में दो छात्राएं 12वीं कक्षा की हैं, जबकि एक छात्रा 11वीं कक्षा में अध्ययनरत है। बताया जा रहा है कि 12वीं की दोनों छात्राएं हाल ही में बोर्ड परीक्षा में भी शामिल हुई थीं।

जांच में सामने आया है कि तीनों छात्राएं करीब तीन से पांच महीने की गर्भवती हैं। इनमें से दो छात्राएं नाबालिग बताई जा रही हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। मामले की जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा इन छात्राओं के गर्भवती कार्ड भी बनाए गए थे। इससे यह सवाल उठने लगा है कि जब स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी थी, तब छात्रावास प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों तक यह सूचना क्यों नहीं पहुंची।

See also  दामाद की गाली रास नहीं आई तो ससुर ने पीटकर उतारा मौत के घाट, पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से बेटी के साथ मिलकर शव को नदी के किनारे फेंका

घटना सामने आने के बाद छात्रावास की अधीक्षिका ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह घटना उनके कार्यकाल की नहीं है। उनका कहना है कि संबंधित छात्राएं कई बार छात्रावास से अनुपस्थित रहती थीं, इसलिए उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई।

देखरेख और निगरानी पर उठे सवाल

इस घटना के बाद छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। यह भी पूछा जा रहा है कि यदि छात्राएं लंबे समय से गर्भवती थीं तो इसकी जानकारी प्रबंधन को समय रहते क्यों नहीं मिली और इसकी जिम्मेदारी किसकी है।

पोटा केबिन पहुंची पुलिस, पूछताछ जारी:

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम पोटा केबिन छात्रावास पहुंची और वहां मौजूद कर्मचारियों व संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

See also  हनुमानजी की फोटो लेकर तालाब में लगाई छलांग, युवक का शव बरामद

Related Articles

Leave a Reply