रायपुर में IPL का मैच 10 और 13 मई को : मई के पहले सप्ताह से मिलेंगे टिकट, 8 को पहुंचेगी आरसीबी टीम

रायपुर। राजधानी में 10 और 13 मई को होने वाले आईपीएल मैचों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है। फैंस को अब बेसब्री से टिकटों का इंतजार है। जानकारी के अनुसार टिकटों की बिक्री मई के पहले सप्ताह से शुरू हो सकती है। अभी तक आरसीबी ने 8 दिन पहले अपने होमग्राउंड के टिकट बेचे हैं, इसलिए रायपुर का टिकट 1 मई के बाद ही मिलेगा।
8 मई को रायपुर पहुंच सकती है RCB की टीम
वहीं, इन शानदार मुकाबलों के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 8 मई को रायपुर पहुंच सकती है। टीम यहां 6 दिनों तक डेरा डालेगी। मैदान पर अभ्यास भी करेगी। मुंबई इंडियंस की टीम के भी 8 मई के बाद राजधानी पहुंचने की संभावना है। मैच के लिए स्टेडियम तैयार हो रहा है। यहां कुछ बदलाव भी किए गए हैं।
2000 से 8000 रुपए तक होंगे टिकट के दाम
इस बार मैचों के लिए टिकटों की दरें लगभग तय कर ली गई हैं। आम दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरुआती टिकट की कीमत 2000 रुपए रखी गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग स्टेडियम में बैठकर मैच का लुत्फ उठा सकें। इसके अलावा अलग-अलग स्टैंड्स के लिए 2500, 3500, 5000 और 8000 रुपए तक की श्रेणियां हो सकती हैं। दर्शकों को टिकट आरसीबी की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन खरीदना होगा। टिकट बुकिंग को लेकर 28 अप्रैल से 1 मई के बीच आधिकारिक अपडेट आने की पूरी संभावना है।
प्राइम टाइम में होंगे दोनों रोमांचक मुकाबले
रायपुर के क्रिकेट फैंस को इस बार दो बेहद हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिलेंगे। 10 मई को पहली भिड़ंत आईपीएल की दो सबसे चर्चित टीमों रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होगी। इसके बाद 13 मई को आरसीबी का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। ये दोनों ही मैच शाम 7:30 बजे से खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को प्राइम टाइम में क्रिकेट का पूरा रोमांच देखने को मिलेगा।
राजधानी की अर्थव्यवस्था को मिलेगी रफ्तार
आईपीएल जैसे मेगा इवेंट का असर केवल मैदान तक ही सीमित नहीं रहता। इन मैचों से राजधानी की अर्थव्यवस्था को भी बड़ी रफ्तार मिलेगी। बाहरी शहरों और राज्यों से आने वाले हजारों दर्शकों के कारण रायपुर के होटल, रेस्टोरेंट, ट्रांसपोर्ट और छोटे-बड़े व्यापारियों के व्यापार में भारी उछाल आएगा।
ऐसा हुआ है बदलाव
दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए स्टेडियम में फ्रेंचाइजी द्वारा दो बड़े बदलाव किए गए हैं। दिल्ली और मुंबई के क्रिकेट स्टेडियमों की तर्ज पर रायपुर में भी प्लैटिनम सीटों के सामने लगे कांच के पैनल्स हटा दिए गए हैं। प्रबंधन ने लगभग 30 से अधिक कांच निकाल दिए हैं। इस बदलाव के बाद प्रीमियम सीटों के दर्शक खिलाड़ियों को बिना किसी रुकावट के और भी करीब से खेलते हुए देख सकेंगे। हालांकि, आईपीएल खत्म होने के बाद सुरक्षा कारणों से इन कांच के पैनल्स को वापस लगा दिया जाएगा।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग में दिखेगा स्टैंड का नजारा
टिकट बिक्री को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए इस बार एक नई व्यवस्था लागू की गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने होम ग्राउंड की तरह रायपुर में भी दर्शकों को टिकट बुक करते समय स्टैंड की फोटो देखने की सुविधा देगा। अब ऑनलाइन पोर्टल पर टिकट खरीदते समय दर्शकों को यह पता चल सकेगा कि उनकी सीट स्टेडियम के किस हिस्से में है और वहां से मैदान का नजारा कैसा दिखेगा। दर्शक कीमत के साथ-साथ सीट की लोकेशन जांचने के बाद ही टिकट बुक कर सकेंगे। इसके अलावा, इस बार दर्शकों को राहत देते हुए ऑफलाइन टिकट खरीदने के झंझट को भी पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।




