जांजगीर-चांपा : जमीन निवेश के नाम पर 1.24 करोड़ की ठगी, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

जांजगीर-चांपा। जिले से एक बार फिर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां ग्राम राहौद निवासी राम प्रसाद यादव खुद को करोड़ों की ठगी का शिकार बता रहे हैं। पीड़ित के मुताबिक, उन्हें जमीन निवेश के नाम पर सेमिनार में बुलाकर बड़े रिटर्न का लालच दिया गया और धीरे-धीरे उनसे भारी रकम ऐंठ ली गई। अब आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जबकि मामला कोर्ट में लंबित है।
राम प्रसाद यादव ने बताया कि दिसंबर 2023 में उन्हें पीयूष जायसवाल द्वारा चांपा के एक होटल में आयोजित जमीन संबंधी सेमिनार में बुलाया गया। इस सेमिनार में निवेश पर हर महीने 7 प्रतिशत ब्याज और जमीन की गारंटी का दावा किया गया। सेमिनार के बाद आरोपी से उनकी मुलाकात कराई गई और भरोसा दिलाकर निवेश के लिए तैयार किया गया।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने अलग-अलग किश्तों में पहले 5 लाख और फिर 2 लाख रुपए बैंक खाते में जमा किए। इसके बाद भी आरोपी के झांसे में आकर उन्होंने कुल मिलाकर 1 करोड़ 24 लाख 14 हजार रुपए तक की बड़ी रकम दे दी। राम प्रसाद यादव का कहना है कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी द्वारा दिए गए चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद मामला कोर्ट में पहुंचा और अभी भी विचाराधीन है। पीड़ित का आरोप है कि कोर्ट से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहा है, लेकिन पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
पीड़ित ने कहा की “मैं ठगी का शिकार हो चुका हूं, आप लोग सावधान रहें… ऐसे लोगों के झांसे में ना आएं।” फिलहाल इस मामले ने एक बार फिर निवेश के नाम पर हो रही ठगी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जरूरत है सतर्क रहने की, ताकि कोई और इस तरह के जाल में न फंसे।




