छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक जल्द, कई जिलों में बारिश-आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

रायपुर। भीषण गर्मी और उमस से परेशान छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 5 दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। प्रदेश में लोकल सिस्टम सक्रिय होने के कारण कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है।

शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि आने वाले दिनों में दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर समेत कई जिलों में बारिश, आकाशीय बिजली और तेज अंधड़ को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

See also  फिर बढ़े घरेलू गैस के दाम, 29 रुपये की बढ़ोतरी, जानिए छत्तीसगढ़ में अब कितने का हुआ सिलेंडर

इस बीच बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के मुताबिक प्रदेश में सक्रिय द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। राजधानी रायपुर में भी रविवार को बादल छाने, आंधी और बारिश के आसार जताए गए हैं, हालांकि पिछले कुछ दिनों से लगातार पूर्वानुमान के बावजूद बारिश नहीं होने से लोगों की उम्मीदें टूटती नजर आ रही हैं।

See also  सक्ती में भीषण सड़क हादसा : ईंट से लदे ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, मामा-भांजे की मौके पर मौत

Related Articles

Leave a Reply