अंबिकापुर में दिनदहाड़े लूट; बैंक से धान बोनस निकाल कर घर लौट रही युवती से 38 हजार छीने

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लखनपुर मुख्य मार्ग में 17 जून की दोपहर चंदनई नदी पुल के पास बाइक सवार दो नकाबपोशों ने स्कूटी सवार युवती से 38 हजार रुपये लूट लिए। छीनाझपटी में अनियंत्रित होकर युवती स्कूटी से गिर गई और घायल हो गई। आरोपित वारदात को अंजाम देकर तेज रफ्तार में फरार हो गए।
लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अमलभिट्ठी महादेवपारा निवासी सविता सिंह (24) अपने भाई आशीष सिंह और दादा आनंदी राम सिंह के साथ जिला सहकारी बैंक लखनपुर पहुंची थी। उसने बैंक से धान बोनस के 38 हजार रुपये निकाले और थैले में रख लिए। वहां से तीनों स्कूटी से घर लौट रहे थे।
अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर लखनपुर से लगे चंदनई नदी पुल के पास स्थित अटल परिसर चौक पर पहुंचते ही बाइक पर सवार दो नकाबपोश पीछे से आए। बाइक पर पीछे बैठे नकाबपोश ने झपट्टा मारकर युवती के हाथ से रुपयों से भरा थैला छीन लिया। थैले में 38 हजार नकद के साथ युवती का मोबाइल और जरूरी दस्तावेज भी थे।
अचानक झपट्टा मारने से स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सविता सड़क पर गिरकर घायल हो गई। आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद युवती, उसका भाई और दादा सीधे लखनपुर थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। फिलहाल आरोपितों का कोई सुराग नहीं लगा है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपित बैंक से ही युवती के पीछे लगे थे। लखनपुर जिला सहकारी बैंक से पैसा निकालने वाले भोले-भाले ग्रामीणों को बाइक सवार नकाबपोश पहले भी निशाना बना चुके हैं। पूर्व में भी ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बाद भी आरोपित लगातार वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



