सक्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.45 करोड़ का 209 किलो गांजा और ट्रेलर जब्त, राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार

सक्ती जिले में पुलिस को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। डभरा थाना क्षेत्र के फगुरम चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 2 क्विंटल से अधिक, यानी लगभग 209 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टाटा सिगना ट्रेलर के जरिए उड़ीसा से राजस्थान की ओर गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर बोडासागर के पास सागर फैमिली ढाबा के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रेलर से 40 पैकेट में भरा गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई में गांजा के साथ करीब 40 लाख रुपये कीमत का ट्रेलर, फ्लोरस्पार पाउडर और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस मामले में राजस्थान के अजमेर निवासी आरोपी अर्पित सिंह सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है।
सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई के चलते यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




