छत्तीसगढ़

महामाया मंदिर के प्रसाद का लड्डू जांच में फेल : मीठा और कलर करने वाला पदार्थ ज्यादा मिला, एक्शन लेगा खाद्य विभाग

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के मां महामाया मंदिर में मिलने वाले प्रसाद को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मंदिर के सामने स्थित एक दुकान से लिए गए मोतीचूर लड्डू के सैंपल सरकारी लैब जांच में फेल हो गए हैं। रिपोर्ट में लड्डू में कृत्रिम स्वीटनर एसपार्टेम और सिंथेटिक फूड कलर सनसेट येलो की मात्रा तय मानकों से अधिक पाई गई है, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित दुकान के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। 

इसके साथ ही अन्य दुकानों से भी दोबारा सैंपल लिए गए हैं। भोपाल की सरकारी मान्यता प्राप्त लैब की जांच रिपोर्ट में लड्डू को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। विभाग के अनुसार, अत्यधिक मात्रा में एसपार्टेम और सनसेट येलो का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंदिर परिसर के सामने स्थित अन्य प्रसाद दुकानों से भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि, लैब रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। अन्य दुकानों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

Related Articles

Leave a Reply