
बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार को उस वक़्त हड़कंप मच गया, जब डबल मर्डर मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी बिकेश उर्फ राहुल (चांपा बम्हनीडी निवासी) अचानक जेल परिसर में स्थित गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में कूद गया। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और जेलर खोमेश मंडावी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि एक बंदी, जो दो मर्डर के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और जिसे लगभग 10 साल होने को हैं, उसने आत्महत्या कर ली है। जेल के अंदर किचन में जो गैस सिलेंडर होता है, वह उस पर कूद गया और चूंकि वह काफी गर्म रहता है, इस वजह से उसकी मृत्यु हो गई। यह कैदी मूल रूप से जांजगीर क्षेत्र का था और फिलहाल इस पूरी घटना व घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि सभी तथ्यों का पता चल सके।
एसएसपी रजनीश सिंह ने बताया कि वे और कलेक्टर साहब ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गैस चैंबर के पास कैदी अचानक दौड़कर आया और उसमें कूद गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है, तथा मर्ग जांच और मजिस्ट्रियल इंक्वायरी की जाएगी, जिसके बाद पूरी घटनाक्रम और अन्य सभी बिंदुओं की विस्तृत सच्चाई सामने आ सकेगी।
जेलर खोमेश मंडावी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि लगभग सवा चार बजे के आसपास कैदी गैस फायर के पास पहुंचा, जहां वह काम करता था और काम करते हुए वह वहीं दौड़ते हुए आया और गैस फायर में कूद गया। उस समय वहां खाना भी बन रहा था जिससे वह काफी गर्म था और इस प्रकार हीट की वजह से उसकी मृत्यु हो गई है। उन्होंने आगे कहा कि आगामी कार्रवाई जेल प्रशासन और अन्य संबंधित प्रशासन द्वारा की जा रही है, तथा इस पूरे मामले में यदि किसी की भी लापरवाही बरती गई पाई जाती है, तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।




