शिवरीनारायण पुलिस की नाकाबंदी में खुला बाइक चोरी का राज, 3 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की दो मोटरसाइकिल समेत कुल पांच बाइक बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार खपराडीह निवासी कासम मोहम्मद की हीरो स्प्लेण्डर प्लस बाइक क्रमांक CG 22 AK 4094 को 26 जुलाई 2026 को शिवरीनारायण चौपाटी से चोरी किया गया था। वहीं तुस्मा निवासी राकेश कुमार साहू की हीरो स्प्लेण्डर प्लस बाइक क्रमांक CG 11 BL 7239 को 6 जून 2025 को कपड़ा दुकान की पार्किंग से चोरी किया गया था। दोनों मामलों में शिवरीनारायण थाने में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक युलैण्डन यार्क और एसडीओपी तोमेश वर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस ने 3 अक्टूबर की शाम पुल चौक काली मंदिर के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान दो बिना नंबर की स्प्लेण्डर बाइक पर सवार संदिग्धों को रोका गया।
पूछताछ में आरोपियों ने दोनों मोटरसाइकिल शिवरीनारायण क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने दीपक चंद्रा (23), कान्ता पटेल (20) और सुनील चंद्रा (24), सभी निवासी डोमा, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने चोरी की दो स्प्लेण्डर बाइक के अलावा घटना में प्रयुक्त पैशन प्लस, एक बजाज पल्सर 150 और एक एचएफ डिलक्स भी बरामद की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह सहित शिवरीनारायण थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




