कोटा में आकाशीय बिजली का कहर : खेत गए दो साढ़ू भाइयों की मौत, तेज बारिश के बीच हुआ दर्दनाक हादसा

कोटा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसा लखोदना गांव के अमली बंधान के पास हुआ। मृतकों की पहचान मन्ना यादव और कुंजराम यादव के रूप में हुई है। दोनों आपस में साढ़ू भाई बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, लखोदना निवासी मन्ना यादव (41) और नवाडीह बेलगहना निवासी कुंजराम यादव (45) बुधवार शाम अपने खेत की ओर गए थे। इसी दौरान करीब शाम 5:30 से 6 बजे के बीच इलाके में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरी और दोनों इसकी चपेट में आ गए। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा लेकर पहुंचे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने दोनों की जांच की, जिसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हादसे की खबर फैलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया और गांव में शोक का माहौल है।
देर शाम घटना होने के कारण बुधवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। मामले में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।




