छत्तीसगढ़

सावधान: मंचूरियन, मिठाई और बिरयानी के चटख रंगों से लिवर, किडनी और कैंसर का गंभीर खतरा

बिलासपुर। शहर के होटलों, रेस्टोरेंट और खासकर सड़क किनारे लगने वाले ठेलों-खोमचों, स्ट्रीट फूड सेंटर आदि में बिकने वाले व्यंजनों को आकर्षक बनाने के लिए गैर-खाद्य (अमानक) रंगों का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है। मिठाई, बिरयानी, ग्रेवी, चाट, मंचूरियन और चाइनीज पकोड़े जैसे फास्ट फूड में मिलाए जा रहे इन खतरनाक रसायनों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अब सख्त रुख अपना लिया है।

विभाग की विशेष टीम अब इन सभी प्रतिष्ठानों और ठेलों को सघन जांच के दायरे में लेने जा रही है। जांच के दौरान यदि खाद्य पदार्थों में अमानक या सिंथेटिक रंगों की पुष्टि होती है, तो संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया जाएगा और संचालकों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्राहकों को लुभाने के चक्कर में कारोबारी भोजन को गहरा लाल, पीला या नारंगी रंग देने के लिए कपड़े रंगने वाले या औद्योगिक स्तर के सस्ते रंगों का उपयोग कर रहे हैं। खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत निर्धारित सीमा से अधिक या प्रतिबंधित रंगों का उपयोग करना कानूनन अपराध है। आने वाले दिनों में विभाग की चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (मोबाइल लैब) के माध्यम से शहर के प्रमुख चौपाटियों, बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर आन-द-स्पाट जांच की जाएगी।

See also  टहलने निकले बुजुर्ग को अनियंत्रित हाईवा ने रौंदा, मौके पर ही मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने ड्राइवर को पीटा

सेहत के लिए धीमा जहर हैं अमानक खाद्य रंग

सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) के एमएस व मेडीसिन विशेषज्ञ डा़ लखन सिंह का कहना है कि खाद्य पदार्थों में मिलाए जाने वाले गैर-खाद्य व सिंथेटिक रंग (जैसे मेटानिल येलो, रोडामाइन-बी और लेड क्रोमेट) शरीर के लिए धीमे जहर की तरह काम करते हैं। इनके लगातार सेवन से निम्नलिखित गंभीर स्वास्थ्यगत परेशानियां हो सकती हैं। रासायनिक रंगों को शरीर आसानी से पचा नहीं पाता है, जिससे लिवर में सूजन और किडनी फेल होने का खतरा बढ़ जाता है।

सिंथेटिक रंगों में मौजूद कार्सिनोजेनिक तत्व पेट, आंत और लिवर के कैंसर का कारण बन सकते हैं। इन रंगों के सेवन से फूड पाइजनिंग, अल्सर, एसिडिटी, उल्टी-दस्त और पाचन तंत्र के स्थायी रूप से खराब होने की आशंका रहती है।बच्चों के शरीर में जाने वाले ये रसायन उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करते हैं और मानसिक विकास को प्रभावित करते हैं। त्वचा पर लाल चकत्ते, खुजली, अस्थमा और सांस लेने में तकलीफ जैसी एलर्जिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आती हैं।

See also  जांजगीर में फर्नीचर संस्थान हादसे के बाद उबाल, परिजनों का चक्काजाम, यातायात ठप

कार्रवाई की जद में आए प्रतिष्ठान, एक माह में इन संस्थानों के नमूने हुए फेल

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा पिछले दिनों की गई सैंपलिंग कार्रवाई के बाद बीते एक माह में प्राप्त जांच रिपोर्ट में शहर व आसपास के कई नामी प्रतिष्ठानों के खाद्य नमूने अमानक (फेल) पाए गए हैं। विभाग ने इन सभी संस्थानों को कार्रवाई के दायरे में लेते हुए नोटिस जारी करने और प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इसके तहत नेशनल डेयरी से पनीर, अलीमेंटो कैफे से पनीर, अलकार्ट से दही एवं पनीर, गरिमा फैमिली ढाबा से अंडा करी, रिलायंस रिटेल (भाटापारा) से चना एवं लाल किला पोहा, अमृततुल्य फूड एवं बेवरेजेस से :पनीर, सेलेस्टिस रेस्टोरेंट से पनीर, शौर्य सुपर मार्ट से अमूल एवं गोवर्धन घी के साथ अपना मार्ट देवरीखुर्द का वचन घी का नमूना अमानक पाया गया।

See also  कांकेर में दूल्हा दुल्हन और परिवार के लोगों ने घेरा कलेक्टर बंगला, जानिए वजह...

आमजन कैसे करें अमानक रंगों की पहचान

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक उपभोक्ता भी थोड़ी सतर्कता बरतकर मिलावटी रंगों से बच सकते हैं। यदि किसी मिठाई चाट या ग्रेवी का रंग असामान्य रूप से बेहद चमकदार या गहरा दिख रहा है, तो उसमें सिंथेटिक रंग होने की प्रबल आशंका होती है। खाने के बाद यदि हाथों या जीभ पर रंग आसानी से न छूटे और साबुन से धोने के बाद भी निशान बना रहे, तो समझ लें कि उसमें गैर-खाद्य रंग मिलाया गया है। ऐसे मामलों की शिकायत तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply