छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

RKM पावर प्लांट के भूविस्थापित कर्मचारियों का प्रदर्शन, चक्काजाम की चेतावनी

सक्ती। सक्ति जिले के डभरा स्थित आरकेएम पावर प्लांट के भूविस्थापित कर्मचारी अपनी स्थायी नौकरी और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर अब आक्रोशित नजर आ रहे हैं। कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कोल सप्लाई रोड को जाम करने का बड़ा निर्णय लिया है।

दरअसल, भूविस्थापित कर्मचारियों ने पहले भी अपनी मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा था और शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया था, लेकिन उनकी मांगों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी अधिकारी उनसे बातचीत करने तक नहीं आते और उनके स्थान पर दूसरे ठेकेदारों से काम लिया जा रहा है। इतना ही नहीं, विभागीय अधिकारियों के माध्यम से उन्हें काम से वंचित करने की धमकी भी दी जा रही है।

कंपनी के इस रवैये से नाराज कर्मचारियों ने स्थानीय विधायक रामकुमार यादव के साथ सैकड़ों की संख्या में पैदल मार्च करते हुए डभरा एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। भूविस्थापित कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो वे अपने परिवार के साथ भूख हड़ताल पर बैठेंगे और कोयला सप्लाई रोड को जाम कर कंपनी के कार्य को पूरी तरह प्रभावित करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply